
जमशेदपुर,। टाटा टिनप्लेट कंपनी की विस्तार परियोजना के स्थल पर शुक्रवार को एक हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। हादसा वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WWTP) क्षेत्र में टावर क्रेन फाउंडेशन के लिए शटरिंग सपोर्ट फिक्स करने के दौरान हुआ।
कंपनी के अनुसार, दोनों मजदूर बीएन दत्ता कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधीन कार्यरत थे। हादसे के बाद दोनों मजदूरों को तत्काल मौके से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मजदूर को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (TMH) रेफर किया गया।मृतक की पहचान संजय शर्मा के रूप में हुई है, जबकि घायल मजदूर दिलीप शर्मा बताए गए हैं।
घायल मजदूर को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर TMH पहुंचाया
कंपनी के मुताबिक, घायल दिलीप शर्मा को प्रारंभिक उपचार के लिए टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया था। बाद में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें टाटा मेन अस्पताल भेजा गया। घायल को जल्द से जल्द TMH पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस और कंपनी प्रबंधन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें सुरक्षा मानकों से जुड़ा कोई पहलू था या नहीं, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
विधायक प्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल, मुआवजे की मांग
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पूर्वी के विधायक के प्रतिनिधि गुंजन यादव समर्थकों के साथ टिनप्लेट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई।
गुंजन यादव ने हादसे की पूरी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक और घायल मजदूर के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो कंपनी के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :टेल्को में चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी वैन डिवाइडर से टकराई, 15 से 17 बच्चे घायल
टाटा स्टील ने जताया दुख, सुरक्षा जांच की बात
टाटा स्टील ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक मजदूर के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हादसे के विस्तृत कारणों का पता लगाया जा रहा है। कंपनी ने कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
गौरतलब है कि टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में करीब एक सप्ताह पहले भी एक अन्य हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हुई थी। कम अंतराल में हुई इन घटनाओं के बाद कंपनी परिसर और परियोजना स्थल पर कार्यस्थल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मौजूदा हादसे के कारणों पर पुलिस और कंपनी की जांच अभी जारी है।

