बाबा जीवन सिंह और चार साहिबजादों की शहादत को समर्पित होगा धार्मिक आयोजन, 26 दिसंबर को पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगी भव्य शोभायात्रा; एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में सजेगा मुख्य दीवान
जमशेदपुर: सिख पंथ की महान विरासत, शौर्य और बलिदान की स्मृति में रंगरेट्टा महासभा झारखंड की ओर से तीन दिवसीय शहीदी समागम का आयोजन किया जाएगा। शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह और चार साहिबजादों के शहीदी दिवस को समर्पित यह धार्मिक आयोजन 25 दिसंबर से 27 दिसंबर 2026 तक श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न होगा।
समागम की तैयारियों और कार्यक्रम की निर्विघ्न सफलता के लिए टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा में विशेष अरदास की गई। इसमें महासभा के पदाधिकारियों, महिला सभा, नौजवान सभा के सदस्यों और बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया।
महासभा के अनुसार, आयोजन के दौरान पंजाब से विशेष रागी, कवीशरी और प्रचारक जत्थे जमशेदपुर पहुंचेंगे। गुरबाणी कीर्तन, धार्मिक कथा-विचार और ऐतिहासिक नाटक के माध्यम से संगत को सिख इतिहास के महान बलिदानों से परिचित कराया जाएगा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: सालडीह-मांझी टोला छठ घाट पर उद्गम सामाजिक संस्था का सेवा शिविर, व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के रहे विशेष इंतजाम
24 दिसंबर से अखंड पाठ साहिब के साथ शुरुआत
समागम के तहत 24 दिसंबर 2026 को सुबह 8 बजे शिव सिंह बगान गुरुद्वारा में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा। इसके बाद 25 दिसंबर को शाम 6 बजे रोशनी और साउंड पर आधारित विशेष धार्मिक नाटक ‘गुरु का बेटा’ का मंचन किया जाएगा। अमृतसर (पंजाब) के दलजीत सिंह मान द्वारा प्रकाशित इस नाटक के माध्यम से सिख इतिहास और साहिबजादों के बलिदान की गाथा प्रस्तुत की जाएगी।
26 दिसंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
26 दिसंबर को सुबह 8 बजे शिव सिंह बगान गुरुद्वारा में अखंड पाठ साहिब का भोग पड़ेगा। इसके बाद सुबह 9 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य पालकी और शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा शिव सिंह बगान गुरुद्वारा से नगर भ्रमण करते हुए एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान स्थित मुख्य पंडाल पहुंचेगी। वहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक धार्मिक दीवान सजेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर और आदित्यपुर में आस्था का महापर्व, छठ व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
27 दिसंबर को होगा समागम का समापन
समागम के अंतिम दिन 27 दिसंबर को भी सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक और शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक कीर्तन एवं कथा-विचार का आयोजन होगा।
पंजाब के प्रसिद्ध रागी और प्रचारक जत्थे करेंगे शिरकत
तीन दिवसीय समागम में हजूरी दरबार साहिब के रागी भाई महादीप सिंह, अमृतसर (पंजाब) से भाई लखविंदर सिंह दरदी का कवीशरी जत्था तथा गुरमत प्रचार केंद्र जमशेदपुर के प्रचारक भाई हरविंदर सिंह जमशेदपुरी शामिल होंगे।
ये जत्थे गुरबाणी कीर्तन, कवीशरी और कथा-विचार के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान गुरु का अटूट लंगर लगातार बरताया जाएगा।
अरदास में महासभा के पदाधिकारी और संगत रहे मौजूद
टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा में आयोजित अरदास में रंगरेट्टा महासभा के प्रधान मनजीत सिंह गिल, कोषाध्यक्ष साहेब सिंह गिल, राजेंद्र सिंह तरसिक्का, सुखदेव सिंह, गुरमीत सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, गुरदीप सिंह काक्का, गुरदीप सिंह काके सिंह और रंजीत सिंह फौजी शामिल हुए।
इसके अलावा रंगरेट्टा महासभा नौजवान के प्रधान दलजीत सिंह, महिला सभा की प्रधान किरणदीप कौर, चरणजीत कौर, सतनाम कौर, दलबीर कौर, बलविंदर कौर, नानकी, रिंकी कौर और जसबीर कौर सहित समाज के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।


