जमशेदपुर/आदित्यपुर.
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को लौहनगरी जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. शाम ढलते ही हजारों की संख्या में छठ व्रतधारियों ने स्वर्णरेखा और खरकई नदी के विभिन्न घाटों सहित कृत्रिम तालाबों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा नेताओं ने इमली चौक पर किया माल्यार्पण
घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
दोपहर के बाद से ही व्रतधारियों और उनके परिजनों के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. सिर पर बांस की टोकरी (दउरा) लिए पुरुष और छठी मइया के पारंपरिक लोकगीत गाती महिलाओं की टोलियों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा. जमशेदपुर के मानगो, साकची, सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, बारीडीह, टेल्को और बिरसानगर के प्रमुख घाटों के साथ-साथ आदित्यपुर के खरकई नदी तट, जयप्रकाश उद्यान और आरआईटी क्षेत्र के तालाबों पर भारी भीड़ जुटी रही.
आकर्षक विद्युत सज्जा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
विभिन्न पूजा समितियों और स्थानीय प्रशासन की ओर से घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां दूध, फल और पूजन सामग्री का वितरण किया गया. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन की टीमों को तैनात किया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संध्या अर्घ्य संपन्न हुआ.
कल सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा पारण
संध्या अर्घ्य के बाद अधिकांश व्रतधारी अपने घरों को लौट गए, जबकि कई श्रद्धालुओं ने घाटों पर ही रात्रि जागरण और कोसी भरने की परंपरा निभाई. अब सोमवार की सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने और पारण के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा.


