आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आदित्यपुर के सालडीह-मांझी टोला छठ घाट पर उद्गम सामाजिक संस्था की ओर से विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व उपमहापौर अमित सिंह बॉबी और एशिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
संस्था की ओर से छठ घाट के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कराया गया। इसके साथ ही पूरे घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराई गई, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना तथा अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा नेताओं ने इमली चौक पर किया माल्यार्पण
विद्युत सज्जा और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रास्ते से लेकर घाट परिसर तक आकर्षक विद्युत सज्जा और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई थी। महिला छठ व्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में चेंजिंग रूम भी बनवाया गया।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS :खरकई नदी घाट पर विधायक सरयू राय ने किया सेवा शिविर का उद्घाटन, व्रतियों के बीच बंटी नि:शुल्क पूजन सामग्री
नदी में सुरक्षा के लिए छह गोताखोर तैनात
नदी घाट पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके तहत घाट पर छह कुशल गोताखोरों की तैनाती की गई, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान सेवा शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं के बीच नि:शुल्क चाय, शुद्ध पेयजल और नाश्ते का वितरण किया गया। संस्था की इस पहल से सुबह-सुबह घाट पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली।
उद्गम सामाजिक संस्था के इस प्रयास को स्थानीय स्तर पर छठ व्रतियों की सुविधा, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक सेवा की दिशा में सराहनीय पहल के रूप में देखा गया।

