जमशेदपुर,। कोहरे के कारण टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस को रद्द किए जाने के रेलवे के फैसले के खिलाफ जमशेदपुर के सिख समुदाय की नाराजगी आखिरकार रंग लाती दिख रही है। सिख संगठनों के विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद रेलवे ने ट्रेन संख्या 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस और 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस का रद्दीकरण वापस ले लिया है। अब दोनों ट्रेनें निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।
दरअसल, रेलवे ने सर्दियों में कोहरे की आशंका को देखते हुए इन ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की थी। इस फैसले से जमशेदपुर के सिख समुदाय में काफी नाराजगी थी। सिख संगठनों का कहना था कि इस ट्रेन के बंद होने से पंजाब और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी होगी। संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि इस बार भी ट्रेन बंद की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
READ MORE :JHARKHAND RAIL NEWS: छठ पर टाटानगर-छपरा समेत 5 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, झारखंड-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
सीजीपीसी कार्यालय में डीआरएम ने दिया था आश्वासन
मामले को लेकर जमशेदपुर की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के कार्यालय में रेलवे के डीआरएम के साथ बातचीत हुई थी। इस दौरान डीआरएम ने आश्वासन दिया था कि टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस को रद्द नहीं किया जाएगा। वहीं, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलमंत्री के समक्ष यात्रियों की परेशानी और ट्रेन के परिचालन का मुद्दा उठाया था।
READ MORE:RAILWAY NEWS: पुणे-मुंबई से बिहार के लिए 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, पटना-मुजफ्फरपुर से रक्सौल-सहरसा तक सुविधा
रेलवे ने जारी किया बहाली का आदेश
11 नवंबर को कोलकाता से जारी रेलवे की सूचना के अनुसार, पहले रद्द घोषित की गई दोनों ट्रेनों को अब निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलाने का निर्णय लिया गया है।
- 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस: 2 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक की यात्राएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।
- 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस: 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक की यात्राएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।
रेलवे के इस फैसले से जमशेदपुर सहित झारखंड, बिहार और पंजाब के यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर उन यात्रियों को सुविधा होगी जो धार्मिक, पारिवारिक और अन्य कार्यों से टाटानगर से अमृतसर के बीच सफर करते हैं।

