जमशेदपुर।
77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर Santosh Kumar को सिविल डिफेंस के कार्यों में महत्वपूर्ण, सराहनीय एवं विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह उपलब्धि न केवल चक्रधरपुर मंडल बल्कि पूरे जमशेदपुर शहर और दक्षिण पूर्व रेलवे के लिए गौरव का विषय है।
इतिहास में पहली बार मिला यह अवसर
दक्षिण पूर्व रेलवे के इतिहास में यह पहला अवसर है जब चक्रधरपुर मंडल से किसी सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर को राष्ट्रपति स्तर का सम्मान प्राप्त हुआ है। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस से जुड़े अधिकारी और स्वयंसेवक इस घोषणा से उत्साहित हैं। यह सम्मान कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और संकट की घड़ी में अनुकरणीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
कर्तव्यनिष्ठा की पहचान
इंस्पेक्टर संतोष कुमार वर्षों से आपदा प्रबंधन, रेल सुरक्षा, जन-जागरूकता और सिविल डिफेंस की विभिन्न गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी सेवाएं केवल रेल परिसरों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जमशेदपुर शहर में भी नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया को सशक्त बनाने में अहम योगदान रहा है।
READ MORE :Ganja Seizure Train :हावड़ा–मुंबई मेल से 60.75 किलो गांजा बरामद
पहले भी मिल चुके हैं प्रतिष्ठित सम्मान
यह पहली बार नहीं है जब संतोष कुमार के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया हो। वर्ष 2025 में उन्हें भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्होंने भारतीय रेल के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए हैं, जिनमें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (2024), पीसीएसओ अवार्ड (2022), सीनियर एसडीजीएम अवार्ड (2018), चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक अवार्ड (2002, 2005, 2007) तथा सीनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) शामिल हैं। ये सभी सम्मान उनकी निरंतर उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण हैं।
संगठन और शहर को किया गौरवान्वित
इस राष्ट्रपति अवार्ड की घोषणा से South Eastern Railway, चक्रधरपुर मंडल, टाटानगर रेल सिविल डिफेंस और जमशेदपुर शहर को राष्ट्रीय पहचान मिली है। सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।
वॉलिंटियर्स ने दी शुभकामनाएं
घोषणा के बाद सिविल डिफेंस कार्यालय में सभी वॉलिंटियर्स ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वॉलिंटियर्स ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ सेवा करने की प्रेरणा देगा।




