
नागपुर ।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर मंडल ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12810) से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में कुल 60.750 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹30.37 लाख आंकी गई है।

उच्च अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह कार्रवाई श्री मुनव्वर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के निर्देशन तथा श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में की गई। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आरपीएफ द्वारा रेलगाड़ियों और रेल परिसरों में मादक पदार्थ, शराब एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर सघन जांच
दिनांक 22 जनवरी 2026 को अपराध गुप्तचर शाखा (सीआईबी), आरपीएफ नागपुर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस में खात से नागपुर के बीच सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोच संख्या A-1 में बर्थ संख्या 01 और 06 के नीचे रखे गए चार पिट्ठू बैग और दो ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में पाए गए।
बैग से मिला गांजा, दो आरोपी गिरफ्तार
संदिग्ध बैगों की तलाशी लेने पर उनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर दो व्यक्तियों ने उक्त बैगों को अपना बताया। पूछताछ में उनकी पहचान चंदेश्वर पासवान (41 वर्ष) और बिक्की कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई, दोनों निवासी जिला रोहतास, बिहार के बताए गए। दोनों आरोपियों ने गांजा के अवैध परिवहन की बात स्वीकार की।
READ MORE :Adityapur News :धोनी से मुलाकात, Adityapur के दंत चिकित्सक और बेटे का यादगार रांची सफर
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद मादक पदार्थ और दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी इतवारी को सौंप दिया गया। इस संबंध में अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 20(b)(ii) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दिनांक 23 जनवरी 2026 को मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यदि रेलगाड़ियों, स्टेशनों या स्टेशन परिसरों में कोई लावारिस या संदिग्ध बैग/सामान दिखाई दे तो तुरंत आरपीएफ, रेलवे कर्मचारी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


