
जमशेदपुर । भिलाईपहाड़ी गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना’ के तहत HG Foundation के सहयोग और Prayatna Organization द्वारा आयोजित किया गया।समारोह की अध्यक्षता टीबी विभाग की मेडिकल ऑफिसर Dr Anita Samant ने की। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
READ MORE :Adityapur News :महिला दिवस पर आदित्यपुर से महिला टीम ने चलायी आदित्यपुर–आसनसोल एक्सप्रेस
विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें न्यू कोर्ट साकची से अनीता यादव, बाल विकास परियोजना कार्यालय से कीर्ति, फडलोगोंदा विद्यालय की संस्था प्रधान मीनू कुमारी और सहायक शिक्षिका अपर्णा महतो प्रमुख रूप से शामिल रहीं।सभी अतिथियों ने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व पर जागरूक करते हुए समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
200 से अधिक महिलाओं की सहभागिता
इस कार्यक्रम में आसपास के पांच गांवों की स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्य, ग्राम विकास समिति के प्रतिनिधि, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाएं, स्थानीय ग्रामीण महिलाएं और स्कूली छात्राएं शामिल हुईं। कुल मिलाकर 200 से अधिक प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रयत्न संस्था के सोनू गौर ने की। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और परियोजना के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर
समारोह के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उद्यमिता विकास पर विशेष चर्चा की गई। संस्था द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच की महिला लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कौशल विकास और शिक्षा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिससे वे समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।
“उमंग खेल महोत्सव” में दिखा उत्साह
महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए कार्यक्रम में “उमंग खेल महोत्सव” का आयोजन भी किया गया। इसमें महिलाओं ने दौड़, रस्साकशी, गोली-चम्मच दौड़, गुब्बारा फोड़ और कुर्सी-संगीत जैसी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर उनकी खेल भावना को प्रोत्साहित किया गया।
सामूहिक संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम को सफल बनाने में ऐश्वर्या दास, मोनिका प्रमाणिक, सागर सोनकर, प्रीति चौधरी, रेडी प्रत्यूषा, सत्येंद्र कुमार, यमुना महतो, सुब्रत महतो, चंचला रानी, रेणुका महतो, उर्मिला सिंह, रवि कुमार महतो और अधूरी सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।



