
जमशेदपुर,
हरियाणा परिवार जमशेदपुर की ओर से आयोजित सात दिवसीय शिव पुराण कथा का शुभारंभ सोमवार 25 अगस्त से साकची आमबागान स्थित अग्रसेन भवन में होगा। यह कथा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक चलेगी और 31 अगस्त को समापन होगा। कथा के पूर्व सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 300 से अधिक श्रद्धालु भाग लेंगे।


संस्था द्वारा रविवार को अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि शिव पुराण कथा का वाचन वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथावाचक राजन दीक्षित जी महाराज करेंगे। उन्होंने कहा कि कथा से पूर्व होने वाली कलश यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
कलश यात्रा का शुभारंभ साकची ठाकुरबाड़ी रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से होगा। यात्रा राजस्थान विद्या मंदिर के पीछे से होते हुए अग्रसेन भवन तक पहुंचेगी। इस दौरान बैंड-बाजे और भक्ति गीतों के बीच भक्तों का उत्साह देखने लायक होगा। विशेष रूप से तैयार रथ में कथावाचक राजन दीक्षित विराजमान रहेंगे, वहीं श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर और संतरा रंग की वेशभूषा में यात्रा में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के समापन दिवस पर कथा के उपरांत महायज्ञ (हवन) का आयोजन किया जाएगा और तत्पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों का कहना है कि बड़ी संख्या में भक्तजन इस अवसर पर शामिल होकर पुण्यलाभ प्राप्त करेंगे।
संस्था के अध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता ने कहा कि शिव पुराण कथा जैसे धार्मिक आयोजन न केवल समाज में आध्यात्मिक वातावरण का संचार करते हैं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी शहरवासियों से कथा में सम्मिलित होकर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का आह्वान किया।
प्रेसवार्ता में संस्था के संरक्षक रुलिराम अग्रवाल, अध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेन्द्र जैन, सचिव राजेश अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष जय भगवान बंसल, कोषाध्यक्ष कमल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, शंकर जिन्दल, लक्ष्मी नारायण बंसल, मनीष बंसल, सोहित अग्रवाल, सुशील अग्रवाल और राजेश समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर श्रद्धालुओं और शहरवासियों के बीच गहरी उत्सुकता बनी हुई है। अग्रसेन भवन को कथा के अनुरूप सजाया-संवारा जा रहा है और पूरे परिसर को भक्ति रंग से सराबोर करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।


