
जमशेदपुर। कदमा स्थित विकेड क्रिकेट द्वारा आयोजित कॉर्पाेरेट क्रिकेट मैच (सीसीएम) सीज़न-7 का रोमांचक फाइनल मुकाबला गम्हरिया के टीजीएस ग्राउंड में फ्लडलाइट्स की रोशनी में खेला गया। बेहद प्रतिस्पर्धी इस मुकाबले में विकेड वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विकेड व्रेथ्स को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। सात मैचों की इस श्रृंखला में तीन रेड-बॉल और चार व्हाइट-बॉल मुकाबले खेले गए थे।

READ MORE :Jamshedpur News :जेईई एडवांस्ड में शहर के नवल ने लहराया परचम, आईआईटी में प्रवेश का सपना हुआ साकार
फाइनल से पहले दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं, जिससे निर्णायक मुकाबला और भी रोमांचक बन गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेड व्रेथ्स की पूरी टीम 20 ओवर में 153 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से रोहित महाजन ने मात्र 13 गेंदों में 27 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं विकेड वॉरियर्स के गेंदबाज वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विकेड वॉरियर्स ने केवल 16 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रेस्टन रोड्रिग्स ने 39 गेंदों पर 52 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और उन्हें फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया। विजयी रन बिशेष खा ने बनाकर अपनी टीम को चेम्पियन बनाया। विकेड व्रेथ्स के मनवेंद्र तिवारी को फाइनल का सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड प्रदान किया गया। उन्होंने 236 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे टूर्नामेंट में नितेश शर्मा का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने 7 मैचों में 289 रन बनाने के साथ 15 विकेट भी हासिल किए।
उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर दोनों पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। व्हाइट-बॉल टीमों की कप्तानी क्रमशः चिरंजीव शाह और नितेश शर्मा ने की, जबकि रेड-बॉल मुकाबलों में सीए सुगम सरावगी और मनवेंद्र तिवारी ने नेतृत्व संभाला। मुख्य अतिथि पंडित अभिषेक पाठक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। महिला बॉलिंग मशीन चौलेंज में तनिषा शर्मा विजेता रहीं। विकेड क्रिकेट के संचालक आदित्य पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता को सीए सुगम सरायवाला, चिरंजीव शाह एवं जसराज वीरक का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन को सफल बनाने में डीएसबी स्टड फार्म एवं एलएम इंटरनेशनल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विकेड क्रिकेट ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल, फिटनेस, खेलभावना और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ क्रिकेट प्रेमियों और उनके परिवारों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है।



