
जमशेदपुर। विवेक विद्यालय, छोटा गोविंदपुर, जमशेदपुर में मंगलवार 16 सितंबर 2025 को निःशुल्क वृहत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय की “सामाजिक दायित्व निर्वाहन” पहल के अंतर्गत आयोजित हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यालय से जुड़े वाहन चालकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना था। इस आयोजन में ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा।


शिविर का शुभारंभ विद्यालय परिसर में हुआ, जहाँ डॉ. एम. एल. अली और डॉ. शुभाषीष देव की देखरेख में स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। इस दौरान लगभग 50 वाहन चालकों एवं 100 अन्य लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में कई तरह की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ दी गईं, जिनमें शामिल थीं:
ब्लड शुगर जांच
ब्लड प्रेशर मापना
वजन जांच
ईसीजी
डॉक्टर परामर्श
इन सेवाओं के अतिरिक्त, विशेष रूप से बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) ट्रेनिंग का भी आयोजन किया गया। इसमें वाहन चालकों एवं उनके परिवारजनों को प्रशिक्षित किया गया कि हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट जैसी आपात स्थिति में मरीज को तत्काल प्राथमिक सहायता कैसे दी जाए और उसे नजदीकी अस्पताल तक सुरक्षित कैसे पहुँचाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एम. एल. अली ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करने से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। वहीं, डॉ. शुभाषीष देव ने लोगों को समय पर इलाज और प्राथमिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि विवेक विद्यालय समय-समय पर इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की छात्राओं ने डॉक्टरों और अतिथियों का पारंपरिक तरीके से तिलक और पुष्प अर्पण कर स्वागत किया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन स्वास्थ्य शिविर को लेकर उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इस पहल की सराहना की।


