
जमशेदपुर, 25 मई। जमशेदपुर के विकास को रफ्तार देते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने सोमवार को जमशेदपुर प्रखंड के उलीडीह क्षेत्र में सांसद निधि से स्वीकृत दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
डिमना बस्ती में नाली पर ढक्कन निर्माण से थमेगी दुर्घटनाएं
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत पहली योजना उलीडीह डिमना बस्ती के अंतर्गत राजू शर्मा के घर से लेकर सोनू चौधरी के घर तक के लिए है। यहाँ सांसद निधि से नाली में ढक्कन निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खुली नाली के कारण क्षेत्र में लगातार गंदगी फैल रही थी और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस निर्माण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में स्वच्छता बढ़ेगी और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
साधु कॉलोनी में पेवर्स ब्लॉक पथ से जलजमाव का होगा खात्मा
दूसरी बड़ी योजना के तहत उलीडीह की साधु कॉलोनी में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। यहाँ एन. एन. महतो के घर से अशोक महतो के घर तक, एवं मुकेश प्रभात के घर से लघुराम महतो के घर के आगे तक पेवर्स ब्लॉक पथ (सड़क) निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। बरसात के दिनों में इस इलाके के लोगों को भारी जलजमाव और कीचड़ का सामना करना पड़ता था। पेवर्स ब्लॉक सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में आसानी होगी और कीचड़ से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
“क्षेत्र का समग्र विकास और जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों की मांग पर इन योजनाओं को सांसद निधि से स्वीकृति दी गई है। आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी तेजी से समाधान किया जाएगा।” — बिद्युत बरण महतो, सांसद, जमशेदपुर
ग्रामीणों ने जताया आभार, स्वागत में उमड़ी भीड़
लंबे समय से सड़क और नाली की बदहाली से जूझ रहे उलीडीह और डिमना बस्ती के ग्रामीणों ने इस त्वरित पहल के लिए सांसद महोदय का आभार व्यक्त किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और गर्मजोशी के साथ सांसद का स्वागत किया और उनके प्रति धन्यवाद प्रकट किया।



