
चाईबासा। कोल्हान विश्व विधालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के छात्रहितैषी निर्णयों के क्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी पूरी कर ली है। उल्लेखनीय है कि कुलपति ने विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए आवेदन शुल्क को ₹100 से घटाकर मात्र ₹25 कर दिया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।
कोल्हान विश्वविद्यालय की नामांकन समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के आलोक में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) तथा 2026-29 के व्यावसायिक (Vocational) पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु चांसलर पोर्टल 16 जून 2026 से 05 जुलाई 2026 तक खोला जाएगा।
आज विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिष्ठाता (अकादमिक कार्य) डॉ. संजय यादव ने नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने सभी अभ्यर्थियों को आगामी नामांकन प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप विषयों का चयन करें तथा समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए सत्र में अधिकाधिक विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ प्राप्त करेंगे।

READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय की छात्रों को बड़ी सौगात, UG आवेदन शुल्क में 75% की भारी कटौती
महत्वपूर्ण तिथियां
▪️ ऑनलाइन आवेदन: 16.06.2026 से 05.07.2026
▪️ ऑनलाइन भुगतान से संबंधित आपत्तियों का निराकरण: 06.07.2026 एवं 07.07.2026
▪️ प्रथम मेधा सूची का प्रकाशन: 08.07.2026
▪️ प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन: 08.07.2026 से 18.07.2026
▪️ द्वितीय मेधा सूची का प्रकाशन एवं नामांकन (सीटें रिक्त रहने पर): 21.07.2026 से 25.07.2026
▪️ तृतीय मेधा सूची का प्रकाशन एवं नामांकन (सीटें रिक्त रहने पर): 28.07.2026 से 31.07.2026
▪️ कक्षाएं प्रारंभ: 03.08.2026
विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
1. APAAR ID के साथ करें आवेदन
चांसलर पोर्टल पर आवेदन करते समय APAAR ID का उपयोग करना सुनिश्चित करें, ताकि नाम, लिंग, जन्मतिथि एवं अन्य व्यक्तिगत विवरण स्वतः सही रूप में दर्ज हों तथा त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहे।
2. APAAR ID नहीं है तो पहले बनाएं
जिन विद्यार्थियों के पास APAAR ID उपलब्ध नहीं है, वे आधार कार्ड के माध्यम से APAAR ID बनाकर ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
3. मात्र ₹25 शुल्क का उठाएं अधिकतम लाभ
आवेदन शुल्क घटाकर मात्र ₹25 कर दिया गया है। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने पसंदीदा विषय में नामांकन की संभावना बढ़ाने के लिए एक से अधिक महाविद्यालयों में आवेदन करें।
4. एक महाविद्यालय में कई विषयों के लिए करें आवेदन
यदि कोई विद्यार्थी किसी विशेष महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहता है, तो उसे उसी महाविद्यालय में एक से अधिक विषयों के लिए आवेदन करना चाहिए। सीमित सीटों की स्थिति में इससे नामांकन की संभावना बढ़ जाती है।
5. Zoology और Botany के लिए “Life Science” का चयन करें
इस वर्ष चांसलर पोर्टल पर जूलॉजी (Zoology) एवं बॉटनी (Botany) विषय में नामांकन के इच्छुक विद्यार्थियों को आवेदन करते समय विषय चयन में Zoology या Botany के स्थान पर “Life Science” विकल्प का चयन करना होगा।
6. अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करें, ताकि किसी भी तकनीकी या अन्य असुविधा से बचा जा सके।


