
जमशेदपुर।
टाटा स्टील के संस्थापक दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने अपनी टीम के साथ महान उद्योगपति जमशेदजी नसरवानजी टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बिस्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में स्थापित जमशेदजी टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वातावरण श्रद्धा और कृतज्ञता से भरा हुआ था। उपस्थित सदस्यों ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, त्रिलोचन सिंह तोची, सतपाल सिंह राजू एवं मनोहर सिंह मीटे ने शहर के निर्माण और औद्योगिक विकास में टाटा के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें युगदृष्टा बताया।
इस अवसर पर प्रधान निशान सिंह ने कहा कि जमशेदजी टाटा ने केवल एक उद्योग की नींव नहीं रखी बल्कि एक ऐसे शहर और संस्कृति का निर्माण किया जहाँ परिश्रम, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखा गया। उन्होंने कहा कि टाटा की सोच और दूरदृष्टि आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रही है।
महासचिव परमजीत सिंह काले ने भी जमशेदजी टाटा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि टाटा का योगदान केवल उद्योग तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी अमिट है। सभी ने संस्थापक दिवस पर महान विभूति को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


