
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा है कि तुलसी में अनेक गुण हैं। इसका अर्क पीने से, पत्ते चबाने से कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य लाभ कर सकता है। जिस परिवेश में तुलसी का पौधा स्थापित रहता है, वहां का पर्यावरण शुद्ध रहता है। यह एक ऐसा पौधा है जो हमें 24 घंटे ऑक्सीजन देता है। श्री राय एग्रिको में योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित तुलसी पूजन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अपनी बात रख रहे थे।

सरयू राय ने कहा कि तुलसी का पौधा सामान्य स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम है। दुनिया में हजारों गुणवान पौधे हैं लेकिन तुलसी का पौधा ऐसा है, जिसमें गुण ही गुण हैं। सामान्य स्वास्थ्य से लेकर सर्दी, खांसी, नजला, छींक आदि में इसके प्रभावी परिणाम देखने को मिले हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा के अनुरुप आज तुलसी पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इससे आम जनता में एक संदेश जाएगा कि हमारी सनातन परंपरा कितनी समृद्ध रही है। हर साल 25 दिसंबर को योग वेदांत सेवा समिति द्वारा तुलसी पूजन का यह समारोह किया जाता है। इसका और विस्तार होना चाहिए। इसके पूर्व तुलसी के पौधे का बाकायदा पूजा किया गया और आरती भी की गई। माना जाता है कि मां तुलसी भगवान विष्णु की पत्नी हैं। इसीलिए उन्हें विष्णुप्रिया भी कहा जाता है।
अटलजी की जयंती मनाई, कंबल बांटे
जमशेदपुर। भारत रत्न, पूर्व प्रघानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कदमा मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह ने अध्यक्षता की और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा विशिष्ट अतिथि थे। सभी ने अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके तुरंत बाद विधायक सरयू राय द्वारा उपलब्ध कंबल जरूरतमंदों के बीच वितरित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ललन द्विवेदी, मंडल महामंत्री अजय झा, कार्तिक गोप, भोला शर्मा, राजेश सोनकर, संतोष सिंह, विक्की यादव, विनोद रजक, निर्दोष वर्मा, सुनील प्रसाद, प्रमोद साहू, नेपाल माझी समेत कई कार्यकर्ता और बस्तीवासी मौजूद रहे।
अटल जी को याद कर सन्नी सिंह ने बांटे कम्बल
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के बिष्टुपुर मंडल के पूर्व महामंत्री सन्नी सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती मनाई गई। लोगों ने अटलजी के सुशासन को याद किया और श्रद्धांजलि दी। यह आयोजन न्यू रानी कूदर स्थित महावीर मंदिर के प्रांगण में हुआ। इसके तुरंत बाद सन्नी सिंह ने जरूरतमंद 105 लोगों के बीच कम्बल वितरित किया।
इस अवसर पर वंदना सिंह, ललन द्विवेदी, संजय तिवारी, सुनील दीक्षित, राहुल, किट्टू, मन्नू, प्रवीण, विक्रम आदि मौजूद रहे।



