जमशेदपुर: बिरसानगर क्षेत्र में बन रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 से अधिक लाभार्थी रविवार सुबह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे। इन लाभार्थियों ने विधायक के समक्ष अपनी गहरी पीड़ा और लाचारी व्यक्त की। पीएम आवास योजना का पूरा पैसा जमा कर देने के बावजूद अब तक सरकार की तरफ से उन्हें उनके मकान की चाबी नहीं सौंपी गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय होती जा रही है।
किराया और ईएमआई की दोहरी मार से जूझ रहे लोग
पीड़ित लाभार्थियों ने सरयू राय को बताया कि वर्तमान में वे किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं। एक तरफ उन्हें हर महीने अपने वर्तमान मकान का भारी-भरकम किराया देना पड़ रहा है, तो दूसरी तरफ नए घर के लिए बैंकों से लिए गए कर्ज की ईएमआई भी लगातार कट रही है। सरकार और विभागीय अधिकारियों की इस लेटलतीफी ने उनके सामने रोजी-रोटी और आर्थिक तंगी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
21 में से मात्र 2 ब्लॉक बने, जुडको की मनमानी
लाभार्थियों की व्यथा सुनने के बाद सरयू राय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिरसानगर क्षेत्र में कुल 21 ब्लॉक का निर्माण होना था, लेकिन अब तक मात्र दो ब्लॉक ही बन पाए हैं। इन दोनों ब्लॉक में लोगों को मकान आवंटित भी हो चुके हैं और उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन भी कर दिया है। लोग अब जल्द से जल्द अपने घरों में शिफ्ट होना चाहते हैं।
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर जेएनएसी (JNAC) के उप नगर आयुक्त, सचिव और विभागीय मंत्री से बातचीत की है। उप नगर आयुक्त का कहना है कि निर्माण एजेंसी जुडको ने अभी तक उन्हें ये फ्लैट्स हैंडओवर ही नहीं किए हैं। जुडको मकान बनाकर अपनी पॉकेट में रखे हुए है। मंत्री ने इसे सरकारी काम में होने वाली सामान्य देरी बताया, जिस पर राय ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह थोड़ा-बहुत नहीं, बल्कि बहुत ज्यादा विलंब है और अब लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है।
6 मई को शुभ मुहूर्त, सरयू राय खुद करेंगे पूजा की व्यवस्था
मकान का इंतजार कर रहे लोगों के अनुसार, 6 मई को गृह प्रवेश के लिए बेहद शुभ मुहूर्त है और वे हर हाल में इसी दिन अपने नए घरों में पूजा करना चाहते हैं। सरयू राय ने उनकी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को विधानसभा की प्रत्यायुक्त समिति की बैठक है, जिसमें वे मंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर इस समस्या का समाधान निकालने और ऑनलाइन उद्घाटन करने का आग्रह करेंगे।
राय ने साफ शब्दों में कहा कि अगर 6 मई को लोग अपने घरों में गृह प्रवेश की पूजा करते हैं, तो वे अपनी ओर से वहां शामियाना, कुर्सी-टेबल, पंडित जी और पूजन सामग्री की पूरी व्यवस्था करवाएंगे। अब देखना यह है कि सरकार इस कड़े संदेश के बाद क्या कदम उठाती है।
बनने के साथ ही दरकने लगे मकान, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सरयू राय ने एक बेहद गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि लाभार्थियों ने उन्हें बताया है कि जो मकान उन्हें आवंटित किए गए हैं, वे अभी से टूटने और दरकने लगे हैं। उन्होंने झारखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना की इस दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि देश के अन्य राज्यों में ऐसी स्थिति नहीं है, तो सिर्फ झारखंड में ऐसा क्यों हो रहा है। जब वे जमशेदपुर पूर्वी के विधायक थे, तब इस परियोजना का काम शुरू हुआ था और वे नियमित रूप से निर्माण कार्य की जांच करते थे। आज जब मकान बनकर तैयार हैं, तो सरकार खुद लोगों को उनके घरों में जाने से रोक रही है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।




