
जमशेदपुर: जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने जमशेदपुर में बढ़ती पार्किंग समस्या, जाम और पुरानी यातायात व्यवस्था को लेकर टाटा स्टील और जिला प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर का लगातार विस्तार हो रहा है, लेकिन जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं आज भी दशकों पुराने ढर्रे पर चल रही हैं।

प्रशासनिक और औद्योगिक विस्तार तो हुआ, जनता की व्यवस्था क्यों अधूरी?
सौरभ विष्णु ने कहा कि टाटा स्टील लगातार अपने उद्योग और कंपनी का विस्तार कर रही है। वहीं जिला प्रशासन ने भी समय के साथ अपनी व्यवस्थाओं को बदला है। पुराना डीसी कार्यालय छोड़कर नया भव्य कार्यालय बनाया गया, पुराने एसपी कार्यालय की जगह नया एसपी कार्यालय तैयार हुआ और पुलिस व्यवस्था का भी बड़े पैमाने पर विस्तार किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासनिक और औद्योगिक व्यवस्था समय के अनुसार आधुनिक और सुविधायुक्त हो सकती है, तो फिर आम जनता के लिए पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को नई जरूरतों के अनुसार क्यों नहीं अपग्रेड किया जा रहा है?
नो पार्किंग और चालान के नाम पर जनता को परेशान करना बंद हो
उन्होंने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर में वाहनों की संख्या बढ़ना जनता की गलती नहीं है। जब शहर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है, तो लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं। इसके बाद उन्हें प्रशासन की ओर से भारी-भरकम चालान की कार्रवाई झेलनी पड़ती है। केवल चालान काटने या जुर्माना वसूलने से इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इसके लिए एक स्थायी और सुदृढ़ व्यवस्था बनानी होगी।
न्यू बारी मैदान की तर्ज पर आम जनता को भी मिले पार्किंग की सुविधा
सौरभ विष्णु ने सुझाव दिया कि टाटा स्टील जिस तरह अपनी कंपनी के विकास और विस्तार में बड़ी भूमिका निभा रही है, उसे शहर के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। टाटा स्टील ने अपने वेंडर कर्मचारियों के लिए न्यू बारी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की है, ठीक उसी तरह शहर के आम नागरिकों के लिए भी आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने में उन्हें आगे आकर सहयोग करना चाहिए। बढ़ते जमशेदपुर के लिए आज मल्टीलेवल पार्किंग, व्यवस्थित वाहन स्टैंड और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन समय की सबसे बड़ी मांग है।
READ MORE :RANCHI NEWS: जीआई के क्षेत्र में झारखंड ने मजबूत की अपनी उपस्थिति; राज्य के 11 नए उत्पादों को मिला जीआई टैग
मल्टीलेवल पार्किंग और स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन ही है असली विकास
जन विकास मंच के प्रमुख ने प्रशासन और टाटा स्टील से मांग की है कि शहर में जहां-जहां पार्किंग के लिए जमीन चिन्हित है, वहां बिना किसी देरी के जल्द से जल्द मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू हो और अवैध पार्किंग रोकने के लिए नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने अंत में कहा कि विकास सिर्फ बड़े-बड़े सरकारी भवनों, कॉर्पोरेट कार्यालयों और उद्योगों के विस्तार से नहीं दिखता। वास्तविक विकास तब होता है जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधा, सुगम यातायात और एक व्यवस्थित शहर मिले। टाटा स्टील और जिला प्रशासन को मिलकर जमशेदपुर की इस पुरानी यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाना होगा, ताकि शहरवासियों को रोज-रोज के जाम और नो-पार्टिंग की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

