जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश के चलते स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर मानगो ब्रिज साइट पर खतरे के स्तर 121.50 मीटर को पार कर 121.64 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं, खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर ब्रिज साइट पर खतरे के स्तर 129.00 मीटर से ऊपर उठकर 130.15 मीटर दर्ज किया गया है। यह स्थिति निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर सकती है।
जिला प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि नदी किनारे के लोग विशेष सावधानी बरतें। डूब क्षेत्र और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही जनहानि का कारण बन सकती है।
इस बीच, स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की बीमारी या आपात स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने घरों में आवश्यक सामग्री, पीने का पानी और दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखें और बिजली उपकरणों से सावधान रहें।
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और लोगों को किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।





