जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को साकची स्थित पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात नीरज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अस्पताल में पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के अलावा आसपास के सब्जी विक्रेता, ठेला चालक तथा गरीब मजदूर भी इलाज के लिए पहुंचते हैं।
एसएसपी ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की भी जांच की। विशेष रूप से आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं, एंटीवेनम सहित अन्य जरूरी दवाइयों की उपलब्धता और उनके उचित रखरखाव के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रखा जाए। मरीजों को जरूरत के अनुसार समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और आम जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है।


