जमशेदपुर
छोटा गोविंदपुर स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा हाट बाजार द्वारा आयोजित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन शुक्रवार को विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस वर्ष समिति अपना 57वां वार्षिकोत्सव मना रही है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री माननीया श्रीमती दीपिका सिंह पांडे तथा विशिष्ट अतिथि विधायक श्री मंगल कालिंदी (जुगसलाई विधानसभा) मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती पांडे ने प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि “ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करते हैं।”
समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार सिंह, सदस्य डॉ. परितोष सिंह, कांग्रेस के वरीय नेता अशोक चौधरी, विजय यादव, विजय खान, भाजपा नेता बबुआ सिंह, एवं दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद और गौतम प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस वर्ष का पूजा पंडाल “गौतम बुद्ध” की थीम पर आधारित है, जो शांति, धैर्य और अहिंसा का संदेश देता है। थीम के अनुरूप पंडाल में शांति की प्रतिध्वनि, बौद्ध शिल्पकला और भव्य सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
समिति द्वारा सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार सहित पंडाल में पहुँचकर माँ दुर्गा की आराधना करें एवं पुण्य लाभ प्राप्त करें।




