
जमशेदपुऱ।
घाटशिला (Ghatshila) स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय (Sona Devi University) के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद् (AICTE) ने 6 मई 2026 को विश्वविद्यालय को तकनीकी शिक्षा के लिए अपनी आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी है। इस बड़ी स्वीकृति के बाद विश्वविद्यालय में अब बीटेक (B.Tech) और डिप्लोमा (Diploma) कार्यक्रमों के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। AICTE ने विभिन्न तकनीकी कोर्सेज के लिए कुल 600 सीटों की अनुमति दी है।
इन अत्याधुनिक कोर्सेज में ले सकेंगे दाखिला
इस मान्यता के बाद विद्यार्थी सोना देवी विश्वविद्यालय से बीटेक में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE), सिविल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस में डिग्री हासिल कर सकेंगे। आज के आधुनिक तकनीकी युग की मांग को देखते हुए विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे एडवांस विषयों में स्पेशलाइजेशन भी कराया जाएगा। इसके अलावा, मैकेनिकल, सिविल, कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्सेज की भी शुरुआत होगी।
AICTE मान्यता से विद्यार्थियों को होंगे ये बड़े फायदे
सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. ब्रजमोहन पट पिंगुआ ने बताया कि AICTE मान्यता उच्च मानकों और बेहतरीन बुनियादी ढांचे वाले संस्थानों को ही मिलती है। इस मान्यता से SDU के विद्यार्थी अब उच्च तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सरकारी छात्रवृत्ति और एजुकेशन लोन (Education Loan) पाने के भी पात्र हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और बेहतर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग दिलाने के लिए विश्वविद्यालय ने ‘इंटेल’ (Intel) समेत 30 से अधिक नामी संस्थानों के साथ MOU साइन किया है। डॉ. पिंगुआ पूर्व में CSIR धनबाद में वरिष्ठ वैज्ञानिक रह चुके हैं और उनके पास कई पेटेंट दर्ज हैं।
वहीं, विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नित नयना ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि यह मान्यता तकनीकी शिक्षण संस्थान की विश्वसनीयता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
अब NCTE मान्यता की तैयारी, टीम को दिया श्रेय
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए इसका पूरा श्रेय EEE विभाग की विभागाध्यक्ष पूजा तिवारी और उनकी टीम को दिया। इस कर्मठ टीम में अनल बेरा, मोहित, राहुल कुमार साव, आदिल, एस के आरिफ, दीपशिखा नस्कर और मोनिका सिंह शामिल हैं, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस कार्य को सफल बनाया। कुलाधिपति ने यह भी घोषणा की कि AICTE के बाद अब विश्वविद्यालय बहुत जल्द राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की मान्यता के लिए भी आवेदन करेगा। इस शानदार उपलब्धि से पूरे SDU परिवार और फैकल्टी में जश्न का माहौल है।


