
जमशेदपुर।
बाजार में रोजमर्रा के लेन-देन के दौरान खुले पैसों यानी सिक्कों की कमी को देखते हुए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा निरंतर सिक्का वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से प्राप्त ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) मूल्य के सिक्के चैंबर के सदस्यों के बीच वितरित किए गए।
READ MORE :Ranchi News ;शहरी निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति तय, ईवीएम और दलीय आधार पर चुनाव की मांग
छोटे व्यापारियों को हो रही है सबसे ज्यादा परेशानी
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि छोटे व्यापारियों को प्रतिदिन के लेन-देन में सिक्कों की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। यह समस्या बाजार व्यवस्था को प्रभावित करती है। सिंहभूम चैंबर इस व्यावहारिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए बैंकों के सहयोग से यह अभियान चला रहा है, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
रोजगार और व्यापार दोनों को मिलेगा लाभ
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि सिक्कों की उपलब्धता से न केवल व्यापारियों को सुविधा होगी, बल्कि बाजार में कार्यरत छोटे स्तर के रोजगारों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि चैंबर का प्रयास है कि अधिक से अधिक सदस्यों तक इस अभियान का लाभ पहुंचे। अब तक लगभग ₹20,00,000 (बीस लाख रुपये) के सिक्के वितरित किए जा चुके हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने जानकारी दी कि सदस्यों की मांग को ध्यान में रखते हुए आगे भी विभिन्न बैंकों के सहयोग से सिक्का वितरण अभियान का विस्तार किया जाएगा, ताकि बाजार में खुले पैसों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
बैंक प्रतिनिधि ने भी रखा पक्ष
इस अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पदाधिकारी अमित कुमार दे ने भी अपने विचार रखे और कहा कि बैंक भविष्य में भी व्यापारिक संस्थाओं के साथ मिलकर ऐसे जनोपयोगी अभियानों में सहयोग करता रहेगा।
चैंबर पदाधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका
इस अभियान को सफल बनाने में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के साथ महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष (टैक्स एंड फाइनेंस) राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष (इंडस्ट्री) हर्ष बकरेवाल, उपाध्यक्ष (जनसंपर्क) अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव (टैक्स एंड फाइनेंस) अंशुल रिंगसिया, सचिव (उद्योग) विनोद शर्मा, सचिव (जनसंपर्क) सुरेश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सी.ए. अनिल अग्रवाल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


