
जमशेदपुर।


सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आदिवासी समाज के प्रखर नेता दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
चैम्बर अध्यक्ष श्री विजय आनंद मूनका ने कहा कि श्री शिबू सोरेन न केवल एक कर्मठ और जुझारू राजनेता थे, बल्कि अपने व्यक्तिगत जीवन में अत्यंत संवेदनशील और सरल स्वभाव के व्यक्ति भी थे। उनका पूरा जीवन संघर्षों और सादगी का प्रतीक रहा। झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के आंदोलन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही, और यही कारण है कि वे ‘दिशोम गुरु’ के नाम से विख्यात हुए।
READ MORE : JAMSHEDPUR NEWS : मायुमं के एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर में 150 से अधिक लाभार्थियों को लगा पहला डोज़
उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु की स्मृतियाँ सिंहभूम चैम्बर से भी जुड़ी हुई हैं। वर्ष 2007–2009 के दौरान चैम्बर के सहयोग से आयोजित कैनवास इंडिया ट्रेड फेयर के उद्घाटन समारोह में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया था और चैम्बर के कार्यों की सराहना की थी। साथ ही, केन्द्रीय कोयला मंत्री रहते हुए भी उन्होंने चैम्बर के कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जो चैम्बर के लिए गौरव की बात रही।
मानद महासचिव श्री मानव केडिया ने कहा कि श्री शिबू सोरेन द्वारा झारखंड के लिए किए गए कार्यों को राज्य की जनता कभी भुला नहीं पाएगी। वे हमेशा झारखंडवासियों के हृदय में जीवित रहेंगे।
दिशोम गुरु के निधन पर चैम्बर के सभी पदाधिकारियों—उपाध्यक्ष श्री अनिल मोदी, अधिवक्ता श्री राजीव अग्रवाल, श्री पुनीत कांवटिया, श्री अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव श्री अंशुल रिंगसिया, श्री भरत मकानी, श्री बिनोद शर्मा, श्री सुरेश शर्मा (लिपु) एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया—ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है।


