जमशेदपुर। धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों का सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने स्वागत किया है। गुरुवार को चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल वन प्रमंडल कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से मुलाकात कर विभाग के प्रति आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने सबा आलम अंसारी से मुलाकात के दौरान कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने से औद्योगिक विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है। ऐसे में परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग की पहल सराहनीय है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ महापर्व समाज को एकजुट करने और समानता का संदेश देने वाला पर्व : प्रेम रंजन
सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयासों की भी सराहना
चैंबर ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के लगातार प्रयासों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। चैंबर का कहना है कि सांसद की सक्रिय पहल से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिल रही है। संस्था ने विश्वास जताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना एयरपोर्ट का सपना जल्द साकार होगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ महापर्व से पहले पुलिस का अभियान, तीन आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में भेजे गए
वन अधिकारियों को प्रोन्नति और नियुक्ति पर बधाई
प्रतिनिधिमंडल ने सबा आलम अंसारी को क्षेत्रीय वन संरक्षक (Regional Forest Conservator), रांची के पद पर प्रोन्नति मिलने पर बधाई दी। वहीं, अभिषेक कुमार, IFS को क्षेत्रीय वन संरक्षक, जमशेदपुर नियुक्त किए जाने और वन संरक्षक, चाईबासा का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने पर भी शुभकामनाएं दी गईं।
मानव केडिया ने आशा जताई कि वन विभाग की पहल के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार से भी जल्द आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मंत्रालय की मंजूरी मिलने से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ होगा।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बांकरेवाल, सचिव बिनोद शर्मा और अंशुल रिंगसिया शामिल थे।

