आदित्यपुर। छठ महापर्व सामाजिक समरसता, स्वच्छता और समानता का प्रतीक है। यह पर्व समाज को एकजुट करने के साथ जीवन में अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। ये बातें जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक एवं झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन ने गुरुवार को आदित्यपुर में आयोजित पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम में कहीं।
आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति एवं न्यू डिस्को क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर-15 मैदान में छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 1,000 छठ व्रती महिलाओं को मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आटा उपलब्ध कराया गया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ पूजा की खरीदारी से गुलजार हुए बाजार, थाना रोड और रेलवे क्रॉसिंग पर सजीं दुकानें
मुख्य अतिथि प्रेम रंजन ने कहा कि सनातन जीवन जीने की एक पद्धति है और छठ महापर्व प्रकृति तथा सूर्य उपासना का महत्वपूर्ण पर्व है। इसका उल्लेख ऋग्वैदिक काल से मिलता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा स्वच्छता, कठोर अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। घाटों पर सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ खड़े होते हैं। लोग स्वयं सफाई और व्यवस्था में जुट जाते हैं, जो समाज की एकजुटता और मजबूती को दर्शाता है।
छठ घाट पर मिट जाता है अमीर-गरीब का भेद : पुरेंद्र नारायण सिंह
कार्यक्रम के आयोजक एवं आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि छठ पूजा जीवन के उतार-चढ़ाव में एक समान बने रहने की सीख देती है। सूर्य की लालिमा सभी के लिए समान होती है। इसी तरह नदी घाट पर अमीर-गरीब का भेद मिट जाता है और समानता का भाव दिखाई देता है।
उन्होंने बताया कि कूपन के माध्यम से व्रतियों के बीच मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आटा वितरित किया जा रहा है। जिन व्रतियों को कूपन नहीं मिल पाया है, उन्हें भी अगले दिन तक सुविधानुसार पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी को निराश होकर नहीं लौटना पड़ेगा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ से पहले आदित्यपुर के 35 वार्डों में सफाई की मांग, खरकाई नदी किनारे जमा कचरा हटाने को डीसी को सौंपा ज्ञापन
बाल विवाह रोकने के लिए भी किया गया जागरूक
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी आदित्य सिंह, युवा उद्यमी अरविंद तिवारी, एसएन यादव, आयकर निरीक्षक संतोष कुमार चौबे, मनीष कुमार, प्रिय रंजन और आशीष रंजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन की समाज कल्याण शाखा की ओर से लगाए गए बैनर के माध्यम से लोगों को बाल विवाह रोकने और बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर न्यू डिस्को क्लब के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, अमित ठाकुर, अधिवक्ता संजय कुमार, देव प्रकाश, राजेश्वर पंडित, एसडी प्रसाद, रविंद्र तिवारी, राजेश यादव, सोनू पासवान, राकेश कुमार, ऋषि गुप्ता, अजय सारांश, ओम प्रकाश, राहुल राय, धीरज पांडे, संकेत चौधरी, चीकू चौबे, विकास ठाकुर, शक्ति कुमार, अमित राज, राजू कुमार, शुभम तिवारी, रंजन तिवारी, राहुल कुमार और कार्तिक चौबे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

