जमशेदपुर। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में चलाए गए सघन अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। वहीं, सोनारी थाना क्षेत्र से मारपीट के आरोप में एक अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया।
इसके अलावा एमजीएम थाना क्षेत्र से महिला के विरुद्ध अपराध के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने की साइबर मामलों की समीक्षा, 107 कांडों के त्वरित निष्पादन और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने बताया कि तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छठ महापर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान चलाया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।

