
जमशेदपुर
“सूरा सो पहचानिये जो लड़े दीन के हेत, पुरजा पुरजा कट मरे कबहुँ ना छाड़े खेत…” इन पावन पंक्तियों के वैराग्य और वीरता के भाव के साथ साकची गुरुद्वारा साहिब में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पाँचवें पातशाह गुरु अर्जुन देव जी महाराज तथा समस्त अमर शहीदों के पावन शहीदी दिहाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चले इस धार्मिक समागम में श्रद्धालु पूरी तरह गुरु चरणों में लीन रहे और वाहेगुरु के सिमरन से पूरा माहौल अलौकिक आनंद से भर गया।

रागी जत्थों ने बहाई गुरबानी की रसधारा
कीर्तन दरबार की शुरुआत हजूरी रागी भाई नारायण सिंह के शबद गायन से हुई। इसके बाद दिल्ली से आए प्रख्यात रागी भाई गुरविंदर सिंह गाफिल ने अपनी सुरीली आवाज में “भूले मार्ग जिन्हें बताया…”, “मेरे राम राय मुझपे कछु ना होई…” और “गुर खिन खिन प्रीत लगावह मेरे हियरे…” जैसे शबद गाकर संगत को भाव-विभोर कर दिया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: अमृतवेला समागम में नन्हीं खुशी कौर ने अनोखे अंदाज में मनाया पहला जन्मदिन
बीबी जसप्रीत कौर के कीर्तन से दिव्य ऊर्जा का संचार
पटियाला से पधारीं प्रसिद्ध रागी बीबी जसप्रीत कौर ने अपनी मधुर वाणी से दरबार हॉल में गुरु-भक्ति की ज्योति जला दी। उन्होंने “महिमा कही न जाए गुर समरथ देव, गुर पारब्रह्म परमेसर अपरंपार अलख अभेद” के साथ-साथ “तू मेरो पियारो ता कैसी पुखा, तू मन वसिया लगे न दूखा” और “सो सतगुर प्यारा मेरे नाल है” जैसे अजर-अमर शबद गाए। उनके कीर्तन में संगत इस कदर डूबी कि पूरा हॉल ‘वाहेगुरु-वाहेगुरु’ के जाप से गूँज उठा।
लंगर का आयोजन और डिजिटल प्रसारण
मंच का सफल संचालन सुरजीत सिंह शीते ने किया। कीर्तन की समाप्ति के बाद संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इस भव्य समागम का सीधा प्रसारण ‘नानक मूवीज’ यूट्यूब चैनल पर किया गया, जिससे देश-विदेश में बैठी हजारों संगत ने घर बैठे इस दिव्य दरबार के दर्शन किए।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया सरजामदा गुरुद्वारा का 64वाँ स्थापना दिवस
इन प्रमुख लोगों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के प्रधान निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, गुरचरण सिंह भोगल और बलजीत सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही अमरपाल सिंह, बलबीर सिंह, दलजीत सिंह, सन्नी सिंह बरियार, बलबीर सिंह धँजल, अजायब सिंह, त्रिलोचन सिंह तोची, जितेंद्र सिंह राजा और हरपाल सिंह सिद्धू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


