
जमशेदपुर के सरजामदा गुरुद्वारा साहिब का 64वाँ स्थापना दिवस धार्मिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशेष कीर्तन दरबार और अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

विशेष गुरबाणी कीर्तन दरबार से निहाल हुई संगत
सरजामदा गुरुद्वारा साहिब के 64वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा परिसर में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरजामदा सिख नौजवान सभा और स्थानीय संगत के संयुक्त सहयोग से विशेष गुरबाणी कीर्तन दरबार सजाया गया। कार्यक्रम में भाई गुरदीप सिंह निक्कू ने अपनी मधुर आवाज में गुरु महिमा का गुणगान कर संगत को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही अकाल ढाढी जत्था जमशेदपुर और भाई मंजीत सिंह ने कथा के माध्यम से सिख इतिहास और गुरु सिद्धांतों पर प्रकाश डाला।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: योग दिवस और फादर्स डे का अनूठा संगम, ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया स्वास्थ्य और संस्कारों का संदेश
प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने टेका माथा
इस ऐतिहासिक स्थापना दिवस समारोह में शहर की कई गणमान्य हस्तियों ने शिरकत की। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, अमरजीत सिंह, सलाहकार सुरेन्द्र सिंह शिंदे और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह ने गुरु घर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
इसके अलावा भाजपा नेता दिनेश कुमार, मुखिया सुमी कराई, नागी मुर्मू, बसंती गुप्ता, सोमा देवी, कुसुम पूर्ति, आग़ाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह और रंजीता गांधी भी इस पावन अवसर पर उपस्थित रहे। सिख नौजवान सभा द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समाज में भाईचारे और सेवा का संदेश
सिख नौजवान सभा सारजमदा के प्रधान जगप्रीत सिंह जे डी ने बताया कि संगत के अटूट सहयोग से नौजवान सभा पिछले 3 वर्षों से लगातार स्थापना दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब समाज में आपसी भाईचारे, निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: अमृतवेला समागम में नन्हीं खुशी कौर ने अनोखे अंदाज में मनाया पहला जन्मदिन
अटूट गुरु का लंगर और भव्य समापन
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (अटूट लंगर) की व्यवस्था की गई थी, जहाँ हजारों की संख्या में संगत ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने पूरे समर्पण और श्रद्धा भाव से अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम का विधिवत समापन ‘सरबत के भले की अरदास’ के साथ हुआ। आयोजन समिति ने सभी सेवादारों और संगत का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान रविन्द्र सिंह, सचिव बलबीर सिंह, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान सरबजीत कौर, सचिव हरनीत कौर, मीत प्रधान जस कौर, बलदेव सिंह, सन्नी सिंह, शिवकर सिंह, गोविन्द, सुखविंदर सिंह और लखविंदर सिंह का मुख्य योगदान रहा।


