
आज ट्रेनी एयर होस्टेस दिवंगत मौसमी चौधरी की 17वीं पुण्यतिथि पर बीमार मां तापसी चौधरी ने घर पर ही अपनी बेटी को श्रद्धांजलि दी. अपने खराब तबियत की वजह से मां तापसी चौधरी पिछले कुछ सालों से सार्वजनिक जगह की जगह घर पर ही बेटी को श्रद्धांजलि देती हैं. मां तापसी चौधरी ने अपने आवास पर ही मौसमी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीये जलाकर श्रद्धांजलि दी. उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता राधाकांत ओझा ने भी पुष्प चढाकर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए. उन्होंने न्याय की लड़ाई में मरते दम तक साथ देने के अपने आह्वान को दुहराया.
मरते दम तक न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लेने वाली मां तापसी चौधरी की आस टूट गई है. वे निराश हो चुकी हैं. उन्हें अब उम्मीद नहीं कि न्याय मिल पाएगा.
मौसमी कांड क्या है?
—————-
आहा संस्थान की ट्रेनी एयर होस्टेस मौसमी चौधरी को जमशेदपुर के मशहूर होटल सोनेट से 9 मई 2009 को संदिग्ध परिस्थितियों में टीएमएच लाया गया था, जहां पहले आईसीयू फिर सीसीयू में इलाजरत रहने के बाद 20 मई को उसे मृत घोषित किया गया था. मां तापसी चौधरी ने बेटी के साथ होटल में दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाया था.



