
जमशेदपुर। जिला में दूर्गा पूजा के सौहार्द एवं प्रेम के वातावरण में सुगमता पूर्वक सम्पन्न होने पर रेड क्रॉस सोसाईटी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने इस अवसर पर जहां दूर्गा पूजा के साथ साथ विसर्जन के दिन एम्बुलेंस के साथ फर्स्ट एड सेवा प्रदान की। रेड क्रॉस सोसाईटी के कार्यकर्ता रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में साकची मुख्य गोलचक्कर, बिष्टुपुर बोधनवाला घाट एवं पीसीआर स्टेशन पर एम्बुलेंस के साथ कार्यकर्ता तैनात रहे। इस दौरान बिष्टुपुर बोधनवाला घाट में घाट के नुकिली पत्थरों व बांस के फांस से चोट लगने व कटने के कुछ मामले आये, जिन्हें फर्स्ट एड दिया गया।


READ MORE :Jamshedpur News :माँ दुर्गा का आशीर्वाद समाज में सुख, शांति और समृद्धि लाए : काले
दूर्गा पूजा के दौरान 5 एसडीपी डोनर्स ने जरूरतमंदों के लिए किया रक्तदान
जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पूजा के दौरान भी लोगों की रक्त जरूरतों का ध्यान रखते हुए जरूरत के अनुसार एसडीपी व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, इस क्रम में टाटा स्टील कर्मी ने बीते 7 दिनों में 2 बार एसडीपी दान कर जहां अपना 50वां रक्तदान पूरा किया, वहीं निशान्त कुमार ओझा ने 10वीं बार एसडीपी डोनेशन किया। टाटा स्टील कर्मी बसन्त कुमार ने 7वां एसडीपी डोनेशन किया, वहीं अनुपम प्रसून ने दूसरी बार एसडीपी डोनेशन किया। इन रक्तदान के जरिये मां के बच्चों की जीवनरक्षा की गयी। इस अभियान को बढावा देने के लिए रेड क्रॉस के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह लगातार सक्रिय रहे एवं जरूरतमंदों और रक्तदाताओं के बीच कड़ी के रूप में कार्य किया। रक्तदाताओं को जमशेदपुर ब्लड बैंक के वरीय चिकित्सक डॉ. एल.बी. सिंह, डॉ. निर्जला झा एवं रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया।
रेड क्रॉस का निशुल्क नेत्र शिविर 4 अक्टूबर से
जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 787वां नेत्र शिविर 4 अक्टूबर से 6 तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जायेगा। शिविर का संयोजन गोयल परिवार के संयोजन में किया जायेगा। 4 अक्टूबर को नेत्र रोगियों की जांच चिकित्सक एवं सहयोगी टीम द्वारा की जायेगी, जिसमें मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों के चयन के साथ ही आंखों की अन्य बीमारियों से प्रभावित नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार दवा व परामर्श प्रदान किया जायेगा। शिविर को दूसरे दिन उपयुक्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा की जायेगी, जिसके पश्चात शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया जायेगा। शिविर का संचालन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह द्वारा किया जायेगा।



