
जमशेदपुर। टाटा पावर इंप्लाइज यूनियन की आमसभा शनिवार को टाटा पावर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत यूनियन से जुड़े दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट के मौन से की गई। इसके बाद महामंत्री पिंटू श्रीवास्तव ने यूनियन की गतिविधियों, ग्रेड रिवीजन और हालिया उपलब्धियों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :साकची बंगाल क्लब में “एनिग्मा” की चार दिवसीय प्री-पूजा प्रदर्शनी शुरू
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने बेहतर ग्रेड रिवीजन के लिए कर्मचारियों को बधाई दी और यूनियन चुनाव की घोषणा की। जानकारी हो कि यूनियन की पिछली कमेटी मीटिंग 16 जुलाई 2025 को हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया था।
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए झारखंड इंटक के उपाध्यक्ष विनोद कुमार राय को निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। राकेश्वर पांडेय ने इस दौरान खुद को प्रक्रिया से अलग करते हुए सभा छोड़ दी। इसके पश्चात निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ की।
अध्यक्ष पद के लिए पिंटू श्रीवास्तव ने राकेश्वर पांडेय का नाम प्रस्तावित किया, जिसे सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन दिया। पंकज कुमार राय ने भी उनके नाम का अनुमोदन किया। निर्वाचन पदाधिकारी ने राकेश्वर पांडेय को 10वीं बार सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
इसके साथ ही सर्वसम्मति से कमेटी गठन की जिम्मेदारी भी अध्यक्ष को सौंप दी गई। अंत में निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए चुनाव प्रक्रिया संपन्न की।


