
जमशेदपुर।

टाटानगर स्टेशन (Tatanagar Station) से खुलने वाली कई पुरानी और महत्वपूर्ण ट्रेनों को आदित्यपुर स्टेशन शिफ्ट किए जाने की चर्चाओं पर रेलवे ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे की 106वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक में जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था और ट्रेनों का परिचालन टाटानगर से ही यथावत रखने की मांग की थी। रेलवे प्रशासन ने इस पर अपना स्पष्ट जवाब देकर यात्रियों के संशय को दूर कर दिया है।
इन महत्वपूर्ण ट्रेनों की नहीं होगी शिफ्टिंग
सांसद विद्युत बरण महतो ने बैठक में बताया कि ऐसी सूचना प्राप्त हुई थी कि साउथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा-बक्सर, टाटा-थावे, जलियांवाला बाग, टाटा-यशवंतपुर, टाटा-एर्नाकुलम और टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस को टाटानगर से टर्मिनेट कर उनका परिचालन आदित्यपुर से किए जाने का प्रस्ताव है। इस अफवाह से नियमित यात्रा करने वाले स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश था।
इस पर रेलवे ने लिखित जवाब देते हुए स्पष्ट किया है कि ट्रेन संख्या 18183 (टाटा-बक्सर एक्सप्रेस), 18181 (टाटा-थावे एक्सप्रेस), 18103 (जलियांवाला बाग), 18111 (टाटा-यशवंतपुर), 18189 (टाटा-एर्नाकुलम) और 18101 (टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस) को टाटानगर से स्थानांतरित करने का कोई भी प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ये सभी ट्रेनें पूर्व की भांति टाटानगर स्टेशन से ही खुलेंगी और वहीं टर्मिनेट होंगी।
साउथ बिहार एक्सप्रेस के रूट बदलाव पर भी रोक
बैठक में यह भी साफ किया गया कि महत्वपूर्ण और व्यस्त ट्रेन साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287/88) को टाटानगर से बाईपास करते हुए चलाने का जो रूट बदलाव का प्रस्ताव था, उसे भी फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। रेलवे के इस स्पष्टीकरण से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों और शहरवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
विशाखापत्तनम-टाटा एक्सप्रेस आदित्यपुर शिफ्ट
हालांकि, इन पुरानी ट्रेनों को लेकर स्थिति साफ करने के साथ-साथ रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि ट्रेन संख्या 20815 विशाखापत्तनम-टाटा साप्ताहिक एक्सप्रेस को 30 मार्च 2026 से टाटानगर से स्थानांतरित कर आदित्यपुर स्टेशन से संचालित किया जा रहा है। रेलवे ने अपने तर्क में कहा है कि आदित्यपुर भी जमशेदपुर शहर के शहरी क्षेत्र का ही हिस्सा है, इसलिए यात्रियों को इस आंशिक बदलाव से अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा
READ MORE :BILASPUR NEWS: SECR में उत्कृष्ट टिकट चेकिंग स्टाफ का सम्मान, महिलाओं और AI से फर्जीवाड़ा पकड़ने वाली टीम को मिला अवार्ड
आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस (14021/14022)
सांसद ने आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस का विस्तार टाटानगर तक करने की मांग रखी। इस पर रेलवे ने बताया कि टाटानगर में फिलहाल टर्मिनल की स्थिति ठीक नहीं है और रखरखाव सुविधा की संतृप्त क्षमता के कारण इस ट्रेन को यहां तक विस्तारित करना संभव नहीं है। इसके विकल्प के तौर पर हालूदपुकुर से पहले एक नए कोचिंग टर्मिनल के निर्माण के लिए 15 अप्रैल 2026 को अंतिम स्थान सर्वेक्षण (FLS) की मंजूरी दी गई है।
गीतांजलि, वंदे भारत, आजाद हिंद और समलेश्वरी एक्सप्रेस
घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस (12860), वंदे भारत एक्सप्रेस (20898), आजाद हिंद एक्सप्रेस (12130), समलेश्वरी एक्सप्रेस (18005/18006) और संतरागाछी-अजमेरशरीफ (18009) के ठहराव की पुरजोर मांग की गई। रेलवे प्रशासन ने बताया कि किसी भी स्टेशन पर ठहराव का निर्णय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इस मांग को 22 मई 2026 को रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।
हावड़ा-कांटाबाजी इस्पात एक्सप्रेस (22861/22862)
गालूडीह स्टेशन के यात्रियों की सुविधा के लिए हावड़ा-कांटाबाजी इस्पात एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव रखा गया। रेलवे ने इस मांग को भी आवश्यक कार्रवाई और स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
टाटा-बेंगलुरु और टाटा-पटना (वाया गया) नियमित ट्रेन
सांसद ने टाटा-काटपाडी से तिरुपति होते हुए बेंगलुरु तक और टाटा से पटना के लिए वाया गया नई नियमित ट्रेनों की शुरुआत की मांग की। रेलवे ने स्पष्ट किया कि टर्मिनल और मार्ग क्षमता की कमी के कारण अभी नई ट्रेनें शुरू करना संभव नहीं है, लेकिन वैकल्पिक टर्मिनल बनने के बाद इन पर विचार किया जा सकेगा।
टाटा-थावे एक्सप्रेस (18181/18182) और शालिमार-गोरखपुर एक्सप्रेस
टाटा-थावे एक्सप्रेस का रूट विस्तार पडरौना और गोरखपुर होते हुए बढ़नी तक करने की मांग की गई। वहीं, सप्ताह में एक दिन चलने वाली शालिमार-गोरखपुर एक्सप्रेस (15021/15022) के फेरे बढ़ाकर तीन दिन करने का प्रस्ताव रखा गया। चूंकि ये मामले उत्तर पूर्व रेलवे और उत्तर रेलवे से संबंधित हैं, इसलिए रेलवे ने उन्हें 9 जून और 22 मई 2026 को आवश्यक पत्राचार कर दिया है।
गोविंदपुर-बारीगोड़ा ओवरब्रिज और सालगाझुरी अंडरपास पर बड़ा अपडेट
सांसद ने बारीगोड़ा (समपार फाटक संख्या 138) और गोविंदपुर (समपार फाटक संख्या 137) रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की। इस पर रेलवे ने बताया कि भारी निर्मित क्षेत्र और भूमि अधिग्रहण से बचने के लिए दोबारा किए गए सर्वेक्षण के बाद संशोधित जीएडी (GAD) 17 फ़रवरी 2026 को स्वीकृत हो चुका है। इसके लिए 12 मई 2026 को निविदाएं खोली जा चुकी हैं, जिनकी जांच प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा, सालगाझुरी अंडरपास (RUB) के लिए नवंबर 2026 में बॉक्स स्थापित करने की योजना है। वहीं, परसुडीह गेट (टीबी-1) पर आरओबी के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है

