
रांची। शेयर बाजार में तेजी के बावजूद जारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों का रुझान आर्बिट्राज फंड की ओर बढ़ रहा है। इसका असर टाटा आर्बिट्राज फंड के क्षेत्रीय निवेश में भी दिखाई दिया है। रांची में फंड का मासिक औसत प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) अप्रैल 2026 के 15.01 करोड़ रुपये से बढ़कर अक्टूबर में 26.09 करोड़ रुपये हो गईं। इस तरह छह महीने में इसमें 74 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर में रांची में फंड की सकल बिक्री 2.28 करोड़ रुपये रही।



भारतीय शेयर बाजार में नवंबर की शुरुआत से निफ्टी 50 में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई और यह 25,500 के स्तर को पार कर गया। दूसरी तिमाही में निफ्टी 50 की कंपनियों ने करीब 24 प्रतिशत की कमाई वृद्धि दर्ज की, जो पिछले 12 तिमाहियों का उच्चतम स्तर है। बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, ऑटोमोबाइल और चुनिंदा कंज्यूमर कंपनियों के बेहतर नतीजों ने बाजार को मजबूती दी। हालांकि, वैश्विक स्तर पर एआई शेयरों में बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। इंडिया विक्स अक्टूबर के 13.9 से बढ़कर नवंबर में 16.6 पर पहुंच गया, जो निकट अवधि में उतार-चढ़ाव की आशंका दर्शाता है।
एएमएफआई के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश सितंबर के 38,306.55 करोड़ रुपये से घटकर 32,993.64 करोड़ रुपये रह गया। इसके विपरीत, हाइब्रिड फंड में सितंबर की 456.68 करोड़ रुपये की निकासी के मुकाबले अक्टूबर में 3,514 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। इसमें आर्बिट्राज फंड की प्रमुख भूमिका रही। इस श्रेणी में सितंबर में 3,956.38 करोड़ रुपये की निकासी हुई थी, जबकि अक्टूबर में 3,928.89 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया।
आर्बिट्राज फंड में निवेश बढ़ने की प्रमुख वजह फ्यूचर्स और स्पॉट कीमतों के बीच का अंतर यानी स्प्रेड है। इन फंडों में नकद बाजार में शेयर खरीदकर वायदा बाजार में उनकी बिकवाली की जाती है। इससे कीमतों के अंतर का लाभ लेने की रणनीति अपनाई जाती है। दूसरी तिमाही के बाद बढ़ी अस्थिरता के बीच तिमाही-अंत और मासिक रोलओवर स्प्रेड सालाना आधार पर 6.6 से 6.8 प्रतिशत के दायरे में रहे। रेपो दर 5.25 प्रतिशत और मजबूत अल्पकालिक डेट यील्ड ने भी कॉस्ट ऑफ कैरी को समर्थन दिया।
टाटा एसेट मैनेजमेंट के फंड मैनेजर शैलेश जैन ने कहा कि बाजार में अस्थिरता और शेयरों के प्रदर्शन में अंतर बढ़ने से फ्यूचर्स और स्पॉट कीमतों के बीच स्प्रेड चौड़ा हुआ है। मजबूत कॉस्ट ऑफ कैरी, ऊंचे रोलओवर स्प्रेड और महीने के दौरान कारोबार के अवसरों से आर्बिट्राज रणनीतियों की रिटर्न जुटाने की क्षमता बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि निवेशक तेजी के बावजूद अनिश्चित बाजार में अपेक्षाकृत स्थिर और टैक्स-कुशल विकल्प तलाश रहे हैं।
आर्बिट्राज फंड की योजनाएं हेज्ड पोजीशन के माध्यम से औसतन 65 प्रतिशत या उससे अधिक इक्विटी एक्सपोजर बनाए रखती हैं, जिससे उन्हें इक्विटी टैक्सेशन का लाभ मिलता है। ये फंड अल्पकालिक से मध्यम अवधि की अतिरिक्त नकदी के प्रबंधन का विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं। निवेश से पहले योजना से जुड़े दस्तावेज ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।



