
जमशेदपुर.
विगत दिनों गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक प्रतिभा केंद्र मैदान में आयोजित की गई. इस बैठक में गोविंदपुर क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया.


हादसों पर जताई चिंता, सुरक्षा पुख्ता करने की उठी मांग
बैठक में हाल के दिनों में हुए सड़क हादसों पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की गई. उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि क्षेत्र में आम जनजीवन की सुरक्षा के लिए कड़े और पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं. बैठक के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त (DDC) एवं ट्रैफिक DSP से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों को जनभावनाओं से अवगत कराते हुए अविलंब कार्रवाई के लिए एक मांग पत्र सौंपा.
प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांगें:
—नो-एंट्री का समय निर्धारित हो: भारी वाहनों के परिचालन के लिए सुबह 5 बजे से 9 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक एवं संध्या 5 बजे से रात 11 बजे तक नो-एंट्री लागू की जाए.
स्पष्ट सूचना बोर्ड:
गोविंदपुर में प्रवेश और निकासी वाले सभी प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री के समय को दर्शाने वाले बड़े व स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं.
गति सीमा 10 किमी/घंटा हो:
वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में 10 किमी/घंटा की अधिकतम गति सीमा दर्शाने वाले लगभग 20 साइन बोर्ड प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाएं.
10 नए स्पीड ब्रेकर का निर्माण: दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और तेज रफ्तार वाले स्थलों को चिह्नित कर कम से कम 10 स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं.
READ MORE :Seraikela Kharsawan News: सरायकेला के छऊ मुखौटे की दिल्ली में गूंज, गुरु सुशांत महापात्र को राष्ट्रपति मुर्मू ने किया ‘संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार’ से सम्मानित
गिट्टी मशीन के समीप लोहे की बैरिकेडिंग:
गोविंदपुर गिट्टी मशीन के पास घनी आबादी वाले क्षेत्र में लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए. (प्रतिनिधियों ने ध्यान दिलाया कि इस स्थल पर अब तक हादसों में 4 लोगों की मौत हो चुकी है, इसलिए यहाँ तत्काल सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य है.)
स्ट्रीट लाइट की समुचित
व्यवस्था:
गोविंदपुर अन्ना चौक से काली मंदिर तक सड़क पर पर्याप्त लाइट लगाई जाए. इसके लिए निर्वाण बिजली कंपनी जैसी संबंधित कंपनियों का सहयोग लिया जाए.
यातायात पोस्ट व नो-पार्किंग की सख्त कार्रवाई:
यातायात पुलिस कर्मियों की सुविधा के लिए 5 कमरों (यातायात पोस्ट) की व्यवस्था की जाए. साथ ही सड़क किनारे अवैध/नो-पार्किंग में खड़ी निजी गाड़ियों को तुरंत हटाने के कड़े निर्देश दिए जाएं.
मांगें न मानने पर आंदोलन का संकेत, प्रशासन ने दिया आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन बुनियादी मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया तो क्षेत्र में हादसों का सिलसिला नहीं थमेगा. अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने व सुरक्षात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया.




