
जमशेदपुर, : आर वी एस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी में आयोजित दो दिवसीय टेक्नो कल्चरल फेस्ट ‘प्रोवेनान्स 6.0’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया है । इस फेस्ट में छात्रों ने तकनीक, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जमकर लुत्फ उठाया।
विधायक सोमेश सोरेन रहे मुख्य अतिथि
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन उपस्थित थे । आर वी एस एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव भरत सिंह ने शॉल और स्मृति चिन्ह देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया । छात्रों को संबोधित करते हुए सोमेश सोरेन ने कहा कि पढ़ाई के तनाव से मुक्त होने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का होना बेहद जरूरी है । उन्होंने कॉलेज प्रबंधन की तारीफ करते हुए कहा कि छात्रों को पढ़ाई के लिए जो वातावरण और सुविधा चाहिए, वह बिन्दा सिंह उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश करते हैं ।
इस खास मौके पर मंच पर कई गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्य अतिथि के अलावा आर वी एस एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष बिन्दा सिंह, सचिव भरत सिंह, कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, शासी निकाय सदस्य शक्ति सिंह और प्रिंसिपल प्रो० डॉ० राजेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे ।
टेक्निकल गेम्स और प्रतियोगिताओं की धूम
इस दो दिन के फेस्ट में कई तरह की खेल और तकनीकी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं ।छात्रों ने गली क्रिकेट, बॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों में हिस्सा लिया । इसके अलावा पेपर डांस, टेक-क्वीज, आई ओ टी डिजाइन, रोबो वार, रील मेकिंग, फोटोग्राफी और ब्रिज द गैप आदि कई टेक्निकल गेम्स भी आयोजित हुए ।इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ नकद ईनाम भी दिया गया ।
कॉमेडी और डीजे ने शाम को बनाया रंगीन
फेस्ट का अंत बेहद मनोरंजक रहा। प्रणव शर्मा ने अपनी कॉमेडी से सभी छात्र-छात्राओं और अतिथियों को प्रफुल्लित कर दिया । वहीं, डीजे शान ने अपनी शानदार धुनों पर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया, जिससे शाम पूरी तरह रंगीन हो गई । डीजे की इन धुनों ने प्रोवेनान्स के दौरान डांस करते छात्र-छात्राओं और कार्यक्रम के कोर्डिनेटर्स की सारी थकान दूर कर दी ।कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर शत्रुघ्न सिंह ने कॉलेज फेस्ट के संयोजक और संरक्षकों को धन्यवाद दिया ।



