शारीरिक दक्षता जांच और दौड़ की तिथि जल्द होगी घोषित; चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के नव नामांकन की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने जैप-6 ग्राउंड, सिदगोड़ा में आयोजित ट्रायल रन का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, शारीरिक दक्षता परीक्षण की प्रक्रिया और चयन से जुड़े तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन के अनुसार, होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता जांच और दौड़ की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके लिए ट्रायल रन के माध्यम से परीक्षण प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की तैयारी परखी जा रही है।
SOP के अनुरूप होगी शारीरिक दक्षता जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गृह रक्षक नव नामांकन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। अभ्यर्थियों की दौड़ में निर्धारित दूरी और समय के अनुसार प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता का आकलन निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार किया जाना चाहिए। दौड़ के दौरान टाइमिंग, अभ्यर्थियों की पहचान और उनके प्रदर्शन का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि होमगार्ड नव नामांकन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित चयन मापदंडों के अनुरूप पूरी की जाएगी, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित हो सके।



