जमशेदपुर। शहर और आसपास के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से CK बिरला हॉस्पिटल्स के कोलकाता स्थित सीएमआरआई की नई क्लिनिक 20 नवंबर 2026 से बिष्टुपुर में शुरू होगी। यहां कोलकाता से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। इससे हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं और यूरोलॉजी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी।
बिष्टुपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिकित्सकों ने बताया कि क्लिनिक में रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कुनाल कांति पाल तथा कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट, यूरो-ऑन्कोलॉजिस्ट एवं रीनल ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. जीशान रहमान मरीजों को परामर्श देंगे। डॉक्टर मरीजों को बीमारी की पहचान, जरूरी जांच और उपलब्ध उपचार विकल्पों के बारे में जानकारी देंगे।
समय पर विशेषज्ञ सलाह से बेहतर उपचार की संभावना
डॉ. कुनाल कांति पाल ने कहा कि हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी बीमारियों में समय पर विशेषज्ञ सलाह मिलने से मरीजों की चलने-फिरने की क्षमता और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। वहीं, डॉ. जीशान रहमान ने कहा कि यूरोलॉजी से संबंधित बीमारियों में शुरुआती जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
बिष्टुपुर में इस पते पर चलेगी क्लिनिक
नई क्लिनिक बिष्टुपुर स्थित प्रिंस मेडिकल, 6, नटराज मेंशन, मेन रोड में संचालित होगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य कोलकाता से बाहर भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करना है। इससे जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए कोलकाता जाने की जरूरत कम हो सकती है।


