सरायकेला-खऱसावा
भारत सरकार के मौसम विज्ञान विभाग एवं भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से भारी बारिश एवं तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मद्देनजर एहतियात के तौर पर सरायकेला-खरसावाँ जिले के सभी कोटि के सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालयों में वर्ग KG से वर्ग 05 तक की कक्षाएं दिनांक 20 नवंबर 2026 को स्थगित रहेंगी।
इस दौरान सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करेंगे तथा विद्यालय में गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि संभावित खराब मौसम को देखते हुए स्वयं सतर्क एवं सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें। तेज हवाओं एवं भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। पेड़-पौधों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं के समीप जाने से बचें। जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलस्रोतों के आसपास जाने से परहेज करें। विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें।


