
जमशेदपुर: सिंहभूम डाक मंडल की ओर से बुधवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में ‘मोटिवेशनल एवं टार्गेट इनिशिएटिव’ के तहत ‘अभ्युदय’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए डाक विभाग ने आगामी पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और बचत बैंक योजनाओं (POSB) के व्यावसायिक लक्ष्यों को भेदने के लिए अपनी रणनीति साझा की और कर्मियों का उत्साहवर्धन कर उनमें नई ऊर्जा का संचार किया।
इंडिया पोस्ट अब एक आधुनिक और ग्राहक-केंद्रित संगठन
समारोह का विधिवत उद्घाटन झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (CPMG) संजीव रंजन और डाक निदेशक आर. वी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में संजीव रंजन ने कहा कि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के मार्गदर्शन में ‘इंडिया पोस्ट’ अब एक आधुनिक, एकीकृत और पूरी तरह से ग्राहक-केंद्रित संगठन बन चुका है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि डाक विभाग को अब केवल चिट्ठी-पत्री तक सीमित न रहकर पार्सल और डाक सेवा को राजस्व का मुख्य स्रोत बनाना होगा।
वित्तीय समावेशन और ‘डाक सेवा, जन सेवा’ पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाक निदेशक आर. वी. चौधरी ने ‘डाक सेवा, जन सेवा’ के मजबूत संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि देश के वित्तीय समावेशन में डाक विभाग की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने कर्मियों से ‘डाक सखी’, ‘बीमा ग्राम’ और ‘डाकिया आपके द्वार’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से हर घर तक बैंकिंग और बीमा सेवाएं पहुँचाने का विशेष आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पिछले सत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाक अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। मंच पर वरीय डाक अधीक्षक उदयभान सिंह, उप मंडलीय प्रबंधक अमित कुमार, वरिष्ठ पोस्टमास्टर सुधीर कुमार और उप डाक अधीक्षक बिस्वजीत राय भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में, उपस्थित सभी कर्मियों ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि वे पूर्ण निष्ठा और मेहनत के साथ आगामी अभियान को ऐतिहासिक बनाएंगे।



