जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने थाना प्रभारियों को संगठित अपराध, आपराधिक गिरोहों, गैंगवार और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग का उद्देश्य केवल प्राथमिकी दर्ज करना और मामलों का निष्पादन करना नहीं, बल्कि अपराध की रोकथाम और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना भी है।
19 नवंबर 2026 को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में अक्टूबर महीने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित जिले के संबंधित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
लंबित मामलों और फरार अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के निष्पादन, लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति, लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन तथा फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक देरी से बचने और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण पर विशेष ध्यान देने को कहा। गंभीर मामलों का नियमित अनुश्रवण कर जल्द उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
गैंगवार और संगठित अपराध पर विशेष निगरानी
अपराध नियंत्रण के लिए नियमित और सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच, अपराध प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी तथा सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
एसएसपी ने आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों, गैंगवार और अपराधियों के आपसी नेटवर्क पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। इसके लिए Gang Verification और Criminal Profiling की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष बल दिया गया।
READ MORE :CYCLONE AKVAN UPDATE: प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ की रफ्तार 100 KM प्रति घंटे तक, 20 नवंबर को गोपालपुर के पास तट से टकराने की संभावना
बीट पुलिसिंग और रात्रि गश्ती होगी मजबूत
बैठक में बीट पुलिसिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को बीट पदाधिकारियों की सक्रियता बढ़ाने और निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने का निर्देश दिया गया। पुलिसकर्मियों को स्थानीय स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों और अपराध की संभावनाओं से जुड़ी जानकारी जुटाने को कहा गया।
इसके अलावा बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा रात्रि गश्ती और एंटी क्राइम पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
डिजिटल पुलिसिंग पर भी जोर
बैठक में CCTNS, e-Sakshya और अन्य डिजिटल पुलिसिंग पोर्टल के कामकाज की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन प्लेटफॉर्म का नियमित उपयोग करने, रिकॉर्ड अपडेट रखने तथा तकनीकी माध्यमों से अनुसंधान की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सक्रिय, जवाबदेह और परिणामोन्मुख पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।



