जमशेदपुर : पुलिस ने शहर में सक्रिय ऑटो चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कपाली निवासी मो. रईस, सौकत अली और मो. असगर उर्फ लारिया शामिल हैं।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सात चोरी की ऑटो, 16 फर्जी नंबर प्लेट, दो आरसी और कई ऑटो पार्ट्स बरामद किए।
READ MORE :Jamshedpur News :साकची बाजार होगा अतिक्रमण मुक्त, डीसी-एसएसपी ने किया निरीक्षण
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरोह लंबे समय से चोरी की ऑटो की खरीद-बिक्री और पार्ट्स बेचने के धंधे में सक्रिय था। जांच में सामने आया कि सौकत अली ऑटो चोरी करता था, जबकि मो. रईस इंजन व चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर फर्जी कागजात तैयार करता था और गाड़ियों को बेच देता था।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह जमशेदपुर, रांची, सरायकेला समेत कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कपाली स्थित रईस के गैरेज में चोरी की गाड़ियों को खोलकर उनके पार्ट्स बेचे जाते थे।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बड़े खुलासे से शहर में लगातार बढ़ रही ऑटो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

READ MORE :Jamshedpur News:झारखंड बांधव समिति ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं रामदास सोरेन को दी श्रद्धांजलि

