
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के बागबेड़ा और कीताडीह (Bagbera-Kitadih) क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों का सब्र अब जवाब दे रहा है। जुस्को (JUSCO) द्वारा नियमित कचरा उठाव और साफ-सफाई नहीं किए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें क्षेत्र की जमीनी हकीकत बताते हुए एक मांग पत्र सौंपा और तत्काल सफाई व्यवस्था बहाल कराने की पुरजोर गुहार लगाई, जिसके बाद विधायक ने त्वरित कार्रवाई की है।


‘बरसात में मंडरा रहा संक्रामक बीमारियों का खतरा’
JMM प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संजीव सरदार को बताया कि जुस्को की घोर लापरवाही के कारण इलाके में जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। बरसात के मौसम में जलजमाव और कचरे के ढेरों के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों को डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि महामारी से बचाव के लिए क्षेत्र में अविलंब नियमित कचरा उठाव बेहद आवश्यक है।
READ MORE :Jamshedpur: “टाटानगर की 3rd लाइन का काम कब होगा पूरा?” SCCI अध्यक्ष मानव केडिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, उठाई ये बड़ी मांग
MLA ने जुस्को GM को किया तलब, तय की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने तुरंत जुस्को के महाप्रबंधक (GM) आर.के. सिंह से फोन पर बात की। विधायक ने जीएम को सख्त लहजे में निर्देश दिया कि बागबेड़ा-कीताडीह क्षेत्र में बिना किसी देरी के पुनः नियमित रूप से साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया जाए।
सफाई कार्य महज कागजों तक सीमित न रहे, इसके लिए विधायक ने क्षेत्र में निगरानी और समन्वय के लिए नरेश लाल और विष्णु क्रेकटा को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। इस त्वरित हस्तक्षेप के बाद क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि उन्हें जल्द ही गंदगी से राहत मिलेगी। मौके पर मुख्य रूप से नरेश लाल, विष्णु क्रेकटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय, अजय पासवान, नीता सरकार और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता उपस्थित थे।



