जमशेदपुर: जमशेदपुर में नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार, 2 नवंबर को डिमना चौक से धालभूमगढ़ स्थित गजानंद फैक्ट्री तक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 27 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को चिह्नित किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 27 वाहनों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, इन वाहनों से कुल 1,73,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: महिला विश्वविद्यालय में कुलपति से तय वार्ता नहीं हुई, कर्मचारी महासंघ ने प्रशासन पर उठाए सवाल
डिमना चौक से धालभूमगढ़ तक चला जांच अभियान
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन नियमित रूप से जांच अभियान चला रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हाईवे पर वाहनों का सुचारु परिचालन सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है।
READ MORE :Jamshedpur News: KPS की दो महिला शिक्षाविदों को राष्ट्रीय पुरस्कार, पर्यावरण अभियान ने बनाया रिकॉर्ड
अवैध पार्किंग पर आगे भी होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान जारी रहेगा। वाहन चालकों और परिवहन संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे हाईवे पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करें तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि सड़क पर अवैध पार्किंग की वजह से यातायात बाधित न करें। नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।


