
जमशेदपुर.
शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में व्यस्त मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजते ही पूरे मॉल परिसर में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. अपराधियो ने तीन लोगो को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाई।
घायलों की हुई पहचान
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस खूनी हमले में घायल हुए लोगों में डोमिनिक सेमसंग और उनके साथ मौजूद दो अन्य जमीन कारोबारी शामिल हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से आसानी से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और लहूलुहान हालत में तीनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया.
जांच में जुटे एसएसपी और पुलिस टीम
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी समेत शहर के कई वरीय पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है. पुलिस मॉल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
डीआईजी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब घटनास्थल पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रेस्टोरेंट और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया तथा घटनाक्रम की जानकारी ली।
डीआईजी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे आपसी विवाद से जुड़ा मामला बताया है। उन्होंने बताया कि खाना खा रहे लोगों को निशाना बनाकर करीब 11 राउंड गोली चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
READ MORE :RAILWAY NEWS: बरौनी-भुज नई अमृत भारत एक्सप्रेस का ऐलान, 3 दिन चलेगी ट्रेन, देखें पूरा रूट
CCTV फुटेज से एक आरोपी की पहचान
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बिंदल मॉल और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर एक मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है।
चिन्हित आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

