जमशेदपुर.
विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन के साहित्यिक क्लब के छात्र-छात्राओं ने आर.एम.एस. बालिचेला स्कूल, सोनारी में “शेक्सपियरियन एरा” नामक एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना और साहित्यिक समझ को विकसित करना था.
शेक्सपियर के नाटक ने जीता दिल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बी.एड. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत Merchant of Venice पर आधारित नाटक (स्किट) रहा. विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवाद अदायगी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस प्रस्तुति को उपस्थित शिक्षकों और छात्रों ने खूब सराहा. नाटक के माध्यम से छात्रों को शेक्सपियर के साहित्य और पात्रों को समझने का अवसर मिला.
छात्रों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
कार्यक्रम के तहत विद्यालय के कक्षा 9, 10 और 11 के छात्रों के लिए रैम्प वॉक और बुक रिव्यू प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया.
बुक रिव्यू प्रतियोगिता में डॉली पात्रा ने प्रथम, आरुष पुष्कर ने द्वितीय तथा विशाखा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं रैम्प वॉक प्रतियोगिता में तोशी राज वर्मा ने प्रथम, श्वेता सिंह ने द्वितीय और विशाखा कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया. सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को डी.बी.एम.एस. कॉलेज की ओर से प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए.
मुख्य अतिथि ने दिया प्रेरणादायक संदेश
इस अवसर पर राजस्थान मैत्री संघ की बबीता केडिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में पुस्तकों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे ज्ञान के महत्व को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं. उन्होंने छात्रों को नियमित पढ़ाई और साहित्य से जुड़े रहने की प्रेरणा दी.
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
आर.एम.एस. बालिचेला स्कूल की प्राचार्या प्रतिमा सिन्हा ने डी.बी.एम.एस. कॉलेज के बी.एड. छात्रों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि शेक्सपियर के नाटकों के मंचन के माध्यम से छात्रों ने कक्षा की तुलना में अधिक व्यावहारिक और रोचक तरीके से सीखने का अनुभव प्राप्त किया है.
निर्णायक मंडल और आयोजन टीम की भूमिका
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका लोयोला स्कूल की शिक्षिका ऋतु अस्थाना और तारापुर एग्रिको स्कूल की शिक्षिका सुबर्णा चौधरी ने निभाई. पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन डी.बी.एम.एस. कॉलेज की सहायक प्राध्यापिका डॉ. मीनाक्षी चौधरी के संयोजन में हुआ.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: टाटानगर में लोको पायलटों के लिए विशेष अग्निशमन प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा की ली शपथ
शिक्षाविदों और छात्रों की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण तथा शिक्षाविद वंदना जैन, नंदिता सिन्हा, ममता श्रीवास्तव, रश्मी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया.उपस्थति लोगों ने कहा कि यह आयोजन न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि छात्रों के लिए एक शिक्षाप्रद अनुभव भी साबित हुआ, जिसने उन्हें साहित्य और पुस्तकों के महत्व से जोड़ने का काम किया.




