
जमशेदपुर। लंबे समय से अटकी हुई बारीगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग से लेकर गोविंदपुर तक लगभग 2.7 किमी सड़क निर्माण की राह आखिरकार साफ हो गई है। इस सड़क निर्माण को लेकर सांसद बिद्युत बरण महतो ने सोमवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एवं चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक से वार्ता की और रेलवे से तत्काल एनओसी जारी करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि खासमहल से गोविंदपुर तक सड़क निर्माण का कार्य पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा कराया जा रहा है। लेकिन बारीगोड़ा फाटक से गोविंदपुर तक का हिस्सा रेलवे क्षेत्राधिकार में आने के कारण संवेदक लंबे समय से काम शुरू नहीं कर पा रहा था। रेलवे से एनओसी नहीं मिलने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
सांसद महतो ने बताया कि इस पूरे खंड की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आमजन का चलना दूभर हो गया है, वहीं बरसात में हालात और गंभीर हो जाते हैं। दुर्गा पूजा के मद्देनजर उन्होंने रेलवे महाप्रबंधक से आग्रह किया कि जनहित में यह कार्य तत्काल शुरू होना चाहिए। सांसद की बातों को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया कि संबंधित सेक्शन पर कार्य की अनुमति दी जा रही है और अगले एक-दो दिन में प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे का कोई स्थानीय अधिकारी इसमें बाधा नहीं डालेगा और संवेदक तुरंत निर्माण कार्य प्रारंभ कर सकता है।
इसके बाद सांसद महतो ने चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक से भी वार्ता की। उन्होंने भी सड़क निर्माण कार्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस प्रकार सड़क निर्माण के मार्ग में आ रही तकनीकी अड़चन दूर हो गई है और अब कार्य प्रारंभ होने जा रहा है।
रेलवे से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद सांसद महतो ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय और संवेदक मंगोतिया कंस्ट्रक्शन से बात की। उन्होंने दोनों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए और पूजा के पूर्व सड़क को कम से कम चलने योग्य बना दिया जाए। कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक ने सहमति जताते हुए आश्वस्त किया कि वे त्वरित गति से कार्य को आगे बढ़ाएंगे।
स्थानीय लोगों ने सांसद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से वर्षों से अधर में लटका यह प्रोजेक्ट अब मूर्त रूप लेने जा रहा है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्गा पूजा के समय भी लोगों को राहत मिलेगी।


