युवा सिख धर्म प्रचारक की अपील- गुरु साहिब के सम्मान में हर परिवार लगाए कम से कम एक पौधा, घरों में सजाएं निशान साहिब
जमशेदपुर: प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव को लेकर जमशेदपुर के युवा सिख धर्म प्रचारक एवं विचारक हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने संगत से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि आगामी 24 नवंबर को प्रकाशोत्सव के पावन अवसर पर प्रत्येक सिख परिवार अपने घर में दीपमाला करे और गुरु साहिब के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। इसके साथ ही अपने घरों में निशान साहिब स्थापित कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां मनाएं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: चाणक्य कैरियर एकेडमी का स्कॉलरशिप टेस्ट अब 29 नवंबर को, छात्रों को मिलेगी 80% तक फीस में छूट
गुरु साहिब की बाणी देती है पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन बाणी ‘पवणु गुरु, पाणी पिता, माता धरत महत’ हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जिम्मेदारी का संदेश देती है।
उन्होंने इस बाणी का भावार्थ समझाते हुए कहा कि हवा गुरु के समान, पानी पिता के समान और धरती महान माता के समान है। जिस प्रकार हम अपने गुरु का सम्मान करते हैं, पिता का आदर करते हैं और माता की सेवा करते हैं, उसी प्रकार हवा, पानी और धरती की रक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर पौधारोपण करना उनकी शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने का सार्थक प्रयास होगा। प्रत्येक परिवार को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझते हुए धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान देना चाहिए।
घरों में निशान साहिब स्थापित करने की अपील
जमशेदपुरी ने संगत से अपील की कि प्रकाशोत्सव के अवसर पर अपने-अपने घरों में निशान साहिब स्थापित करें। इससे पूरी दुनिया तक यह संदेश पहुंचेगा कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऐसे महान गुरु का प्रकाश हुआ था, जिन्होंने अपनी बाणी, विचारों और शिक्षाओं से समाज को सकारात्मक बदलाव की दिशा दिखाई।
READ MORE :Jamshedpur news : मानगो में पेयजल व्यवस्था होगी और बेहतर, पांच क्षेत्रों में इंटरकनेक्टिंग पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू
गुरु की शिक्षाओं को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धा
उन्होंने कहा कि केवल नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु साहिब के दर्शन कर लेना ही सच्ची श्रद्धा नहीं है, बल्कि उनके संदेशों, विचारों और सिद्धांतों को रोजमर्रा के जीवन में अपनाना वास्तविक गुरु भक्ति है।
गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सेवा का जो मार्ग दिखाया, उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना ही उनके प्रकाशोत्सव की वास्तविक सार्थकता है।
अंत में उन्होंने एक बार फिर संगत से आग्रह किया कि गुरु नानक देव जी के सम्मान में प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प ले। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा और वे भी गुरु साहिब की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर सकेंगी।


