जमशेदपुर: टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड एम्प्लाइज यूनियन की कमिटी मीटिंग बारा स्थित यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, खासकर हाउसिंग, कैंटीन, क्वार्टर आवंटन और मेडिकल सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महामंत्री त्रिदेव सिंह ने बैठक का संचालन किया।
बैठक में कमिटी सदस्यों ने कर्मचारियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने हाउसिंग व्यवस्था, कैंटीन की सुविधाओं, क्वार्टर आवंटन प्रक्रिया और मेडिकल सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से यूनियन अध्यक्ष को अवगत कराया। इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पत्रकारिता का मकसद सिर्फ खबर देना नहीं, समाज को सार्थक संदेश देना भी : विद्युत वरण महतो
कर्मचारियों की समस्याएं प्रबंधन के समक्ष उठाएगी यूनियन
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे यूनियन की प्राथमिकता हैं। हाउसिंग, कैंटीन, क्वार्टर आवंटन और मेडिकल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सदस्यों ने जो बातें रखी हैं, उन्हें गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने कहा कि यूनियन प्रबंधन के समक्ष इन मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाएगी और कर्मचारियों को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगी। यूनियन का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
READ MORE:Jamshedpur News :’झारखण्ड की विरासत : झारखण्ड की पहचान’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित, संस्कृति व पर्यटन पर जोर
वरिष्ठ सदस्य दिनेश कुमार का मनाया गया जन्मदिन
बैठक के अंत में यूनियन के वरिष्ठ सदस्य दिनेश कुमार का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में सच्चिदानंद, प्रमोद उपाध्याय, राजेश कुमार, शशि भूषण मिश्रा, रंजन मिश्रा, एसबी राणा, अमन सिंह, दिनेश कुमार, सतीश मुखी, अनीश झा, सीबी सिंह, मनोज कुमार सिंह, कौशलेश कुमार और उपेंद्र राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



