
टुईलाडूंगरी गुरुद्वारा साहिब में अकाली दल ने आयोजित किया अमृत संचार समारोह, पंज प्यारों ने खंडे-बाटे की पाहुल छकाकर किया अमृतधारी
जमशेदपुर: सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित अमृत संचार समारोह में 25 सिख श्रद्धालुओं ने अमृत छककर खालसा स्वरूप धारण किया। बुधवार को अकाली दल जमशेदपुर की ओर से टुईलाडूंगरी गुरुद्वारा साहिब में इस धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सिख भाई-बहनों ने अमृतपान कर सिख धर्म की महान परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।



समारोह में पंज प्यारों के रूप में जत्थेदार जरनैल सिंह, भाई रविंदर सिंह, भाई रविंद्रपाल सिंह, भाई जसबीर सिंह और भाई प्रीतपाल सिंह शामिल हुए। उन्होंने सभी 25 अभिलाषी श्रद्धालुओं को खंडे-बाटे की पाहुल छकाकर अमृतधारी बनाया।
इस दौरान अमृतपाल सिंह ने ग्रंथी सिंह की भूमिका निभाई। वहीं, हरजिंदर सिंह और भाई रणजीत सिंह ने सहयोगी सेवादार के रूप में सेवा दी।
खालसा की शक्ति और आस्था को जीवन में उतारने का संदेश
अकाली दल के भाई रविंदर पाल सिंह ने बताया कि 25 नए सिख भाई-बहनों ने अमृत छककर इस महान परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सभी सिखों को खालसा की शक्ति, आस्था और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए, ताकि वे सदैव गुरु के बताए मार्ग पर चल सकें।
अमृतपान के बाद नए अमृतधारी सिखों को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन ने समारोह में शामिल सभी पंज प्यारों, सेवादारों और संगत के प्रति आभार व्यक्त किया।




