
जमशेदपुर। भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनियों में शामिल न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला सीमेंट प्लांट (एलसीपी) का औपचारिक शुभारंभ कर राज्य में अपने परिचालन की शुरुआत कर दी है। यह प्लांट वदराज सीमेंट लिमिटेड (वीसीएल) की प्रमुख विनिर्माण इकाइयों में से एक है।

कंपनी के अनुसार, यह कदम वदराज सीमेंट लिमिटेड के अधिग्रहण, उसके संचालन को पुनः शुरू करने और पश्चिम भारत में अपनी बाजार हिस्सेदारी मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि सूरत के लिमला ग्राइंडिंग यूनिट का संचालन शुरू होना कंपनी की विकास यात्रा का अहम पड़ाव है। उन्होंने कहा कि गुजरात कंपनी के लिए एक रणनीतिक बाजार है, जहां तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा, औद्योगिक विस्तार, बढ़ता शहरीकरण और आवास एवं निर्माण क्षेत्र में बढ़ती मांग भविष्य में व्यापक अवसर प्रदान करती है। इस प्लांट के शुरू होने से उत्तर और पश्चिम भारत के ग्राहकों तक कंपनी अपने उत्पाद अधिक तेज़ी और बेहतर तरीके से पहुंचा सकेगी।
गौरतलब है कि न्युवोको विस्टास ने जून 2025 में 1,800 करोड़ रुपये का भुगतान कर कॉर्पाेरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (सीआईआरपी) के तहत वदराज सीमेंट लिमिटेड का अधिग्रहण किया था। वदराज सीमेंट के पास कच्छ में क्लिंकर यूनिट और सूरत के लिमला में ग्राइंडिंग यूनिट के अलावा कच्छ में उच्च गुणवत्ता वाले चूना पत्थर के भंडार तथा एक कैप्टिव जेट्टी भी है, जिससे परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होती है। अधिग्रहण के बाद न्युवोको ने कच्छ और लिमला दोनों इकाइयों में मरम्मत, आधुनिकीकरण और विस्तार का कार्य कराया। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप अब लिमला सीमेंट प्लांट का संचालन शुरू हो गया है, जिससे कंपनी की उत्पादन क्षमता और पश्चिम भारत में उसकी उपस्थिति को नई मजबूती मिलेगी।


